
लखनऊ, 1 जुलाई . समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है.
से बातचीत करते हुए चढ़ावा चोरी मामले पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि कार्रवाई से संतुष्ट होने या न होने का सवाल नहीं है. यह कोई छोटा मामला नहीं है. देश और दुनिया के करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा सवाल है. श्रीराम के दरबार में चढ़ावे की चोरी का सवाल है, हमारे नेता ने इस मामले को उठाकर देशभर में संदेश देने का काम किया लेकिन अफसोस है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी सरकार गंभीर नहीं है.
उन्होंने कहा कि इतने बड़े मामले में एसआईटी की जांच मामले को कमतर करने का प्रयास है. यह राज्य का मामला नहीं है बल्कि राष्ट्र का मामला है.अब पूरे देश में इसकी चर्चा हो रही है और भाजपा पूरी तरह से कटघरे में है. मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मेरा जन्म वहां हुआ. मैं जब अयोध्या में होता हूं तो एक-दो बार दर्शन करने जाता हूं. पढ़ाई के दौरान मैं मां सीता की रसोई देखने जाता था.
अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस मामले में Supreme Court को हस्तक्षेप करना चाहिए और उच्चतम न्यायालय की ओर से गठित की गई टीम की जांच से कोई नहीं बच पाएगा. मुख्यमंत्री योगी ने कहा था कि हम दूध का दूध और पानी का पानी कर देंगे लेकिन यहां तो दूध है ही नहीं तो पानी कहां बचेगा? दूध और पानी का सवाल नहीं है बल्कि निष्पक्ष जांच की जरूरत है.
अवधेश प्रसाद ने कहा कि यहां तो ऐसी जांच होनी चाहिए कि सोना, चांदी और नोट के बंडल अलग हो जाएं. मंदिर निर्माण में जो कमीशनखोरी की बातें सामने आ रही हैं, ये सारी बातें सबके सामने आनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, प्रभु श्रीराम की नजरों से बच नहीं पाएंगे. चढ़ावा चोरी करके धर्म की हानि की गई है. प्रभु श्रीराम चढ़ावा चोरी करने वालों को कभी माफ नहीं करेंगे.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे नेता का जन्मदिवस है. इस अवसर पर हार्दिक बधाई देता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे स्वस्थ रहें, प्रसन्न रहें और देश-प्रदेश की समस्याओं पर जनता की सेवा कर सकें.
–
एसडी/पीएम