
जौनपुर, 25 मई . उत्तर प्रदेश में जौनपुर में हुए दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड में पुलिस द्वारा 1 लाख रुपए के इनामी आरोपी रवि यादव के एनकाउंटर की खबर सामने आने के बाद मृतक के परिवार की प्रतिक्रिया आई है. आजाद बिंद की बहन सौम्या बिंद और मां चांद तारा ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से एनकाउंटर की जानकारी मिली है और प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है.
सौम्या बिंद ने से खास बातचीत में कहा कि कंफर्म होने के बाद ही कुछ कह सकते हैं. मेरे भाई की हत्या में शामिल कई मुख्य लोग अभी भी बचे हुए हैं और उन्हें सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है. एक आरोपी जेल गया है लेकिन वह तो बाहर आ ही जाएगा. उन्होंने कहा कि परिवार अभी भी बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है.
डीजीपी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए सौम्या बिंद ने कहा कि अखिलेश यादव ने उनके परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लोकसभा और विधानसभा में उठाया जाएगा और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भी मामला सामने रखा जाएगा. सौम्या ने यह भी कहा कि उनका परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करना चाहता है.
सौम्या बिंद के आगे कहा कि डीजीपी ने मुलाकात के दौरान परिवार को भरोसा दिलाया था कि अपराधी बच नहीं पाएंगे. डीजीपी साहब ने कहा था कि अपने दिमाग से यह बात निकाल दो कि आरोपी बच जाएंगे. डरो मत. हालांकि डर तो रहेगा, लेकिन उनके आश्वासन के बाद हमें थोड़ी हिम्मत मिली. अब एनकाउंटर की सूचना के बाद न्याय की उम्मीद जगी है.
वहीं, मृतक की मां चांद तारा ने कहा कि उन्हें सुनने में आया है कि आरोपी का एनकाउंटर हुआ है. उन्होंने कहा कि डीजीपी साहब से मिलने के बाद अब कार्रवाई हुई है तो लग रहा है कि न्याय मिलेगा. सभी आरोपियों के साथ ऐसा ही होना चाहिए. अब पुलिस ही साफ करेगी कि एनकाउंटर हुआ है या नहीं. प्रशासन पहले से ही कार्रवाई का भरोसा दे रहा था, लेकिन इसके बावजूद परिवार ने डीजीपी और अखिलेश यादव से मुलाकात कर न्याय की मांग उठाई थी. परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी.
–
पीएसके