
नई दिल्ली, 13 सितंबर . अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई ने भारत के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में जारी टी20 सीरीज के पहले मैच में 44 गेंदों का सामना करते हुए 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 64 रन की नाबाद पारी खेली. इसी के साथ अजमतुल्लाह टी20 फॉर्मेट में भारत के खिलाफ छठे या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
इस लिस्ट में अजमतुल्लाह से आगे श्रीलंका के दासुन शनाका हैं, जिन्होंने साल 2022 में धर्मशाला में नाबाद 74 रन की पारी खेली थी. यह टी20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ किसी अफगान बल्लेबाज का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर भी है. इस मामले में अजमतुल्लाह ने इब्राहिम जादरान की बराबरी कर ली है, जिन्होंने साल 2022 में दुबई में इतने ही रनों की पारी खेली थी.
रविवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगान टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 156 रन बनाए. टीम को 5 के स्कोर पर पहला झटका लग गया था, जिसके बाद कप्तान इब्राहिम जादरान ने सेदीकुल्लाह अटल (13) के साथ दूसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 32 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन जादरान (11) के आउट होने के बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. आलम ये रहा कि अफगानिस्तान ने महज 43 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद अजमतुल्लाह ओमरजई ने मोहम्मद नबी के साथ छठे विकेट के लिए 56 गेंदों में 83 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 125 के स्कोर तक पहुंचाया.
नबी 27 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 33 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद टीम ने 131 के स्कोर तक आठवां विकेट खो दिया था, लेकिन ओमरजई ने मुजीब उर रहमान के साथ 9वें विकेट के लिए 9 गेंदों में 25 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट झटका.
–
आरएसजी