
लखनऊ, 1 जुलाई . राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) और उसके बाद महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के पेपर लीक की घटनाओं के बाद, प्रशासन उत्तर प्रदेश में होने वाले टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टीईटी) को लेकर सतर्क हो गया है.
यूपी टीईटी को लेकर बलिया के जिला कलेक्टर ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि यूपी टीईटी के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्र प्रबंधन, और उम्मीदवारों की सुविधा का ध्यान रखा गया है.
उन्होंने कहा कि 2, 3 और 4 जुलाई को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) का आयोजन होना है. इसके लिए जनपद बलिया में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी वाली है. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी.
उन्होंने बताया कि 3 दिनों में पांचों पालियों को मिलाकर लगभग 30 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे. उन्होंने बताया कि मंगलवार को सभी परीक्षा केंद्रों के संस्थापकों, स्टेट मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करके परीक्षा कराए जाने को लेकर सभी तैयारी से संबंधित बैठक कर ली गई है.
उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी से संबंधित सभी बिंदुओं की समीक्षा कर ली गई है. तैयारियां पूरी है. किसी भी परीक्षार्थी को कोई अनावश्यक परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है. सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करा ली गई है. उन्होंने कहा कि बलिया में सभी परीक्षा केंद्रों पर टीईटी सफलतापूर्वक संपन्न कराई जाएगी.
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा चेकिंग के लिए पुलिस (महिला, पुरुष) की तैनाती की गई है. परीक्षा केंद्र के बाहर सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी लगाए गए हैं. हथियारबंद कांस्टेबल लगाए गए हैं, जो गोपनीय सामग्री परीक्षा केंद्र तक लेकर जाएंगे. परीक्षा की तैयारी के लिए बंदोबस्त पर्याप्त रूप से किए गए हैं.
–
डीके/एबीएम