
पटना, 8 जुलाई . बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है. बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने बुधवार को कहा कि वे हाईकमान के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं.
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने बुधवार को समाचार एजेंसी से बात की और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को पार्टी के संभावित समर्थन पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि हाईकमान का फैसला आने के बाद हम उसी हिसाब से तैयारी करेंगे.
राजेश राम ने कहा, “पार्टी सभी मामलों पर लोगों की भावनाओं से अवगत है. फिलहाल, हम अपनी हाईकमान लीडरशिप, जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं, से निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं. अगर हमारा नेतृत्व निर्देश देता है, तो हम उसी के अनुसार तैयारी करेंगे. अभी मैं बस इतना कह सकता हूं कि हमें नेतृत्व से फैसले की उम्मीद है.”
वहीं, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, “सत्ताधारी सरकार उपचुनाव पूरी ताकत से लड़ती है. सभी जानते हैं कि बांकीपुर विधानसभा सीट क्यों खाली हुई थी. मैंने सभी विपक्षी दलों से अपील की थी कि एनडीए के खिलाफ एक साझा उम्मीदवार उतारा जाए, ताकि उसे हराया जा सके. अगर कोई पार्टी अपना एजेंडा या रणनीति अपनाना चाहती है, तो इस पर मुझे कुछ नहीं कहना है. अगर लड़ाई लड़नी है तो उपचुनाव में सारे दल के लोगों को एक साथ होकर संयुक्त उम्मीदवार खड़ा करना चाहिए.”
इससे पहले, कांग्रेस के नेता ऋषि मिश्रा ने भी अपने एक बयान में कहा कि विपक्षी दलों को एकजुट होकर एक साझा उम्मीदवार उतारना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के इस गढ़ को भेदने के लिए कांग्रेस और राजद को मिलकर प्रशांत किशोर का सहयोग करना चाहिए.
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट से उपचुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं. उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में अपना प्रचार भी तेज कर दी है. वहीं, महागठबंधन में कांग्रेस की सहयोगी राजद भी रेखा गुप्ता को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है. भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है. फिलहाल, कांग्रेस के निर्णय का इंतजार है.
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र भाजपा का मजबूत गढ़ है. यहां से भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन चार बार विधायक रहे हैं. राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद नितिन नवीन ने बांकीपुर सीट से इस्तीफा दिया. इसके कारण यहां विधानसभा उपचुनाव की घोषणा हुई है.
–
डीसीएच/