
वॉशिंगटन, 11 अगस्त . किताबों को यूं ही इंसानों का सच्चा दोस्त नहीं कहा जाता. जिंदगी जहां अटकती है, भटकाव आता है वहां ये संभालने का पूरा प्रयास करती हैं. ऐसा शायद अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भी सोचते हैं. तभी तो अब राजनीति से इतर अपने एक और पसंदीदा शगल के जरिए लोगों से जुड़ने का मन बना चुके हैं. ओबामा एक नया पॉडकास्ट शुरू करने वाले हैं, जिसमें वे उन किताबों पर चर्चा करेंगे जिन्होंने उनके सोचने के तरीके, उनके विश्वास और दुनिया को देखने के नजरिए को प्रभावित किया.
‘अ ग्रेट बुक विद ओबामा’ नाम का यह छह एपिसोड वाला पॉडकास्ट 24 सितंबर से ऑडिबल पर उपलब्ध होगा. इसे ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा की प्रोडक्शन कंपनी हायर ग्राउंड और ऑडिबल मिलकर तैयार कर रहे हैं. पूर्व राष्ट्रपति ने एक तस्वीर के साथ ये जानकारी अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की.
इस सीरीज में ओबामा छह ऐसी चर्चित किताबों को चुनकर उनके बारे में विस्तार से बात करेंगे, जो उनके जीवन और विचारों पर गहरा असर डाल चुकी हैं. इनमें टोनी मॉरिसन की ‘सॉन्ग ऑफ सोलोमन’, जेम्स बाल्डविन की ‘द फायर नेक्स्ट टाइम’, जॉन ले कैरे की ‘टिंकर टेलर सोल्जर स्पाई’, कॉर्मैक मैकार्थी की ‘ ऑल द प्रिटी हॉर्सेस’, मर्लिन रॉबिन्सन की ‘गिलियड’ और रॉबर्ट पेन वॉरेन की ‘ऑल द किंग्स मैन’ शामिल हैं.
हर एपिसोड में ओबामा एक किताब को केंद्र में रखकर एक अतिथि के साथ बातचीत करेंगे. हालांकि, मेहमानों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं.
ओबामा लंबे समय से किताबों के शौकीन माने जाते हैं. राष्ट्रपति पद पर रहने के दौरान भी उनकी पढ़ने की आदत और किताबों की पसंद अक्सर चर्चा में रही. वह हर साल अपनी पसंदीदा किताबों की सूची भी साझा करते हैं. हाल में जारी उनकी 2026 की समर रीडिंग लिस्ट में भी कई समकालीन लेखकों की किताबें शामिल थीं.
इस नए पॉडकास्ट के पीछे ओबामा की सोच सिर्फ किताबों की सिफारिश करने तक सीमित नहीं है. उनका मानना है कि कुछ किताबें केवल कहानियां नहीं सुनातीं, बल्कि इंसान के दुनिया को देखने के नजरिए को बदल देती हैं. यही वजह है कि उन्होंने उन किताबों को चुना है जो परिवार, धर्म, नस्ल, राजनीति और अमेरिका जैसे विषयों पर उनके विचारों को आकार देने में महत्वपूर्ण रही हैं.
ओबामा के लिए यह पॉडकास्ट उनकी सार्वजनिक जिंदगी का एक अलग पहलू सामने लाने का मौका भी है. राष्ट्रपति और राजनेता के रूप में उन्हें पूरी दुनिया ने देखा, लेकिन किताबों के जरिए उनकी व्यक्तिगत सोच और उन विचारों की जड़ों को समझने का यह एक अलग अवसर होगा.
ऐसे समय में जब लोग तेजी से छोटे वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट की ओर बढ़ रहे हैं, ओबामा का किताबों पर केंद्रित पॉडकास्ट शुरू करना अपने आप में दिलचस्प है. यह इस बात की याद भी दिलाता है कि अच्छी किताब का असर पढ़ना खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक बना रह सकता है.
24 सितंबर से श्रोता यह जान सकेंगे कि आखिर वे कौन-सी किताबें थीं जिन्होंने बराक ओबामा को एक लोकप्रिय और विचारशील व्यक्ति बनाया. एक ऐसा व्यक्ति जिसकी सुलझी सोच के कई लोग कायल हैं.
–
केआर/