गोवा में पर्यटन सीजन से पहले पुलिस ने की बैठक, होटल और क्लब मालिकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश

पणजी, 30 अक्टूबर . गोवा पुलिस ने शुक्रवार को पर्यटन सीजन को देखते हुए तटीय इलाकों के होटल, रेस्तरां और क्लब मालिकों सहित पर्यटन से जुड़े हितधारकों के साथ एक अहम बैठक की. इस बैठक की अध्यक्षता गोवा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने की.

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), उत्तर गोवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी), यातायात पुलिस अधीक्षक, साथ ही एसडीपीओ, तटीय पुलिस थानों के पुलिस निरीक्षक और यातायात पुलिस के अधिकारी शामिल हुए. इसके अलावा पर्यटन विभाग के अधिकारी और गोवा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य भी मौजूद रहे.

बैठक का मुख्य उद्देश्य गोवा पुलिस और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के बीच तालमेल को मजबूत करना, सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जिम्मेदार और शांतिपूर्ण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विचारों का आदान-प्रदान करना था.

बैठक में हितधारकों को कई महत्वपूर्ण सलाह दी गई. पुलिस ने सभी होटल और क्लब मालिकों से अपने परिसरों में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा. इसके साथ ही प्रवेश और निकास द्वारों को हमेशा खाली रखने और अग्नि सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

पुलिस ने स्टाफ, विशेषकर बाउंसरों के व्यवहार पर भी जोर दिया. हितधारकों से कहा गया कि वे अपने स्टाफ को ग्राहकों और पर्यटकों के साथ विनम्र व्यवहार करने के लिए प्रशिक्षित करें. किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस के साथ साझा करने और शोर-शराबे की तय सीमा का पालन करने की भी सलाह दी गई.

यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कहा कि पर्यटकों की आवाजाही के दौरान और किसी भी अप्रिय स्थिति या घटना को संभालने में स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस का पूरा सहयोग करें.

इसके अलावा, बैठक में साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष सलाह जारी की गई. हितधारकों से कहा गया कि वे होटल बुकिंग के नाम पर होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी को लेकर सतर्क रहें और अपने ग्राहकों को भी जागरूक करें. पुलिस ने कहा कि साइबर ठग फर्जी वेबसाइट और लिंक के जरिए बुकिंग के नाम पर ठगी कर रहे हैं, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है.

–

एससीएच/डीकेपी