
बेंगलुरु, 29 अप्रैल . कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बुधवार रात बेंगलुरु के बोवरिंग अस्पताल का दौरा किया, जहां इस हादसे में घायल लोगों का इलाज चल रहा है, और घटना की जानकारी ली.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि मृतकों में चार सड़क किनारे दुकान लगाने वाले, केरल से आए दो पर्यटक और एक बच्चा शामिल हैं. एक मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
मृतकों में चप्पल और कपड़ों के विक्रेता के साथ-साथ केरल से यात्रा पर आए लोग भी शामिल थे.
उन्होंने कहा, ”दीवार गिरने से सात लोगों की मौत होना अत्यंत दुखद है. ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए थीं. मैं इस घटना से बहुत आहत हूं.”
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पहले ही पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि यह हादसा नहीं होना चाहिए था.
उन्होंने बताया कि केरल के 56 लोगों का एक समूह एक संगठन से जुड़ा था, जो यात्रा पर बेंगलुरु आया था और कमर्शियल स्ट्रीट पर खरीदारी कर रहा था, तभी बारिश शुरू हो गई.
चेतावनी के बावजूद कुछ लोग दीवार के पास जाकर खड़े हो गए, जिसके बाद दीवार गिर गई.
घायलों में प्रीति, शैजा और शिजू का इलाज जारी है और वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं.
मृतकों में लता और श्रुति शामिल हैं, जो पोषण से जुड़े एक संगठन में काम करती थीं. सरकारी अधिकारी भी इस समूह के साथ मौजूद थे.
शिवकुमार ने कहा कि केरल सरकार को इस बारे में सूचित किया जाएगा और शवों का पोस्टमार्टम कर सम्मानपूर्वक उन्हें भेजने की व्यवस्था की जाएगी.
उन्होंने यह भी बताया कि भारी बारिश के कारण शहर में पेड़ और टहनियां गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं.
उन्होंने कहा, ”मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कल से ही कमजोर और खतरनाक पेड़ों और टहनियों को हटाने का काम शुरू किया जाए. शहर में 100 से अधिक पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं.”
भाजपा की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष सिर्फ आलोचना करता है, समाधान नहीं देता.
उन्होंने कहा, ”वे सिर्फ मीडिया में बयान देने और आलोचना करने में लगे हैं, हम समाधान पर काम कर रहे हैं.”
उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी पुलिस आयुक्त और नगर निकाय अधिकारियों से तब मिली जब वे कनकपुरा में बैठक में थे.
मुख्यमंत्री ने भी मौके का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की है.
शिवकुमार ने कहा कि गिरा हुआ दीवार बहुत पुरानी संरचना का हिस्सा था और यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है.
–
एएमटी/डीकेपी