तिरंगे के रंग में रंगा भोपाल का बड़ा तालाब, सीएम मोहन यादव ने भी सराहा

भोपाल, 13 अगस्त मध्य प्रदेश की राजधानी के बड़े तालाब का नजारा गुरुवार को निराला ही था क्योंकि यह तालाब तिरंगे के रंग में रंगा हुआ था. यहां देश में पहली बार फ्लोटिंग तिरंगा भी बनाया गया . स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बड़े तालाब के बोट क्लब पर विशाल नौका तिरंगा यात्रा निकाली गई . यहां नजर ऐसा था कि हर तरफ तिरंगा ही नजर आ रहा था, इतना ही नहीं बोट क्लब पर देश में पहली बार तालाब के बीच फ्लोटिंग तिरंगा भी बनाया गया.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस यात्रा का शुभारंभ किया और खुद भी नौका में बैठकर देश सेवा का संदेश दिया. इस दौरान कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे. इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आज बोट क्लब पर अद्भुत आयोजन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकतंत्र फल-फूल रहा है. उनके नेतृत्व में भारत ने दुनिया के सामने अलग पहचान बनाई है. दुनिया का सबसे युवा देश भारत है. भारत अपने सामर्थ्य के साथ, अपनी क्षमता के साथ समृद्धि के मार्ग पर चल रहा है.

उन्होंने कहा कि यह अद्भुत संयोग है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अलग-अलग राज्य जन-कल्याण का काम कर रहे हैं. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि हमारे प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू होने जा रहा है. इसके साथ ही हमारा प्रदेश देश के बड़े राज्यों में शामिल हो गया है. राज्य में समानता का पवित्र भाव आ गया है. यहां धर्मों के आधार पर व्यक्ति से व्यक्ति के बीच कोई अंतर नहीं होगा. क्या हिंदू-क्या मुस्लमान-क्या पारसी-क्या ईसाई, सभी के लिए समान कानून होगा.

उन्होंने कहा कि जब हम अपनी आजादी के साथ-साथ दुनिया में होने वाली हलचल को देखते हैं तो देश पर गर्व होता है. हमारी तीनों सेनाएं अद्भुत पराक्रम करती हैं. आज देश ने अभूतपूर्व सार्मथ्य हासिल किया है. सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आज की जल में निकाली गई तिरंगा यात्रा अद्भुत है. हमारे खिलाड़ियों ने तिरंगा लेकर अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है. इसका रोमांच देखते ही बनता है. यह प्रदर्शन बताता है कि जीवन में समान समय नहीं रहता.

उन्होंने कहा कि संकल्प शक्ति समय के साथ चलती है. ये खिलाड़ी इसी तरह समुद्र में चट्टानी लहरों से टकराते हैं. जीवन-मृत्यु के संघर्ष के बीच अपने संकल्प-कौशल के बलबूते सिद्धता दिखाते हैं. आज देश और दुनिया देख रही है कि नौका के माध्यम से भी तिरंगा यात्रा होती है.

एसएनपी/पीएम