चारबाग रेलवे स्टेशन पर टिन शेड गिरने के मामले में बड़ा एक्शन, ठेकेदार पर 50 लाख रुपए का जुर्माना

लखनऊ, 29 मई . लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के दौरान टिन शेड का हिस्सा गिरने के मामले में रेलवे प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडे ने बताया कि हादसे में दो यात्री मामूली रूप से घायल हुए, जबकि एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर हुआ. मामले की जांच के बाद ठेकेदार पर 50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है. साथ ही साइट इंजीनियर को निलंबित कर कई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं.

राजेश पांडे ने कहा कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर इस समय बड़े स्तर पर पुनर्विकास का काम चल रहा है. यह काम उत्तरी रेलवे के अंतर्गत आता है, लेकिन इसे रेल भूमि विकास प्राधिकरण यानी आरएलडीए द्वारा कराया जा रहा है. यही संस्था पहले गोमती नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम भी संभाल चुकी है.

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ तकनीकी कमियां सामने आईं, जिसकी वजह से प्लेटफॉर्म शेड का एक छोटा हिस्सा गिर गया. इसे सीओपी कहा जाता है. घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी गई है.

महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता नहीं करेगा. आरएलडीए की तरफ से जानकारी दी गई है कि काम कर रही एजेंसी और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की गई है. उन पर करीब 50 लाख रुपए का भारी जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा प्रोजेक्ट साइट इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया है. वहीं निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे पीएमसी के कर्मचारियों, जिनमें प्रभारी अधिकारी भी शामिल हैं, उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं.

राजेश पांडे ने कहा कि रेलवे इस घटना को एक चेतावनी की तरह देख रहा है और आगे निर्माण कार्य में हर स्तर पर अतिरिक्त सावधानी बरती जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

पीआईएम/डीकेपी