
बीकानेर, 2 अगस्त . भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खाजूवाला क्षेत्र में पुलिस ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रोन के जरिए भेजी गई भारी मात्रा में हेरोइन, हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. इस कार्रवाई में तस्करी का माल लेने पहुंचे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है.
खाजूवाला पुलिस को मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में ड्रोन डंपिंग के माध्यम से भेजी गई 10 किलो हेरोइन, 11 पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस तथा एक ड्रोन बरामद किया गया. मौके से जोधपुर निवासी विरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया, जो कथित रूप से यह खेप लेने पहुंचा था.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद 10 किलो हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. घटना की सूचना मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा मौके के लिए रवाना हुए हैं.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और पाकिस्तान से संचालित इस मॉड्यूल के तार देश के किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं. मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.
इसके पहले पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस ने सीमा पार नशे की तस्करी और संगठित अपराध के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया था. तस्कर के पास 20 किलो हेरोइन बरामद हुई थी. आरोपी की पहचान तरन तारन के रहने वाले ओम शर्मा के रूप में हुई थी.
डीजीपी ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को खास सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे हैंडलर के साथी अवैध रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं. वे अजनाला के सीमावर्ती इलाके में पाकिस्तान में बैठे अपने साथियों से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप मंगवाते थे. फिर उसके निर्देश पर इसे साथी आरोपी शर्मा तक पहुंचाते थे, जो आगे नशे की खेप को दूसरी पार्टियों तक पहुंचाता था.
–
ओपी/एएस