केरलम के पूर्व कांग्रेस विधायक एल्डहोस कुन्नप्पिल्ली को बड़ी राहत, रेप केस में अदालत ने किया बरी

तिरुवनंतपुरम, 26 मई . केरलम में कांग्रेस के पूर्व विधायक एल्डहोस कुन्नप्पिल्ली को रेप केस में बड़ी राहत मिली. नेय्याट्टिनकारा सत्र अदालत ने मंगलवार को उन्हें इस मामले में बरी कर दिया.

अदालत का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कुछ महीने पहले ही कांग्रेस नेतृत्व ने उनके खिलाफ लंबित आपराधिक मामले का हवाला देते हुए विधानसभा चुनाव में टिकट देने से इनकार कर दिया था.

एल्डहोस कुन्नप्पिल्ली पेरुम्बावूर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं. पार्टी द्वारा टिकट न दिए जाने के फैसले से वह शुरुआती दौर में नाराज बताए गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी के निर्णय को स्वीकार कर लिया और कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार किया. अंततः कांग्रेस उम्मीदवार ने पेरुम्बावूर सीट पर जीत हासिल की.

अदालत के फैसले के बाद एल्डहोस पर लगे आरोपों को लेकर बना संदेह काफी हद तक खत्म हो गया है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यह फैसला विधानसभा चुनाव से पहले आ जाता तो संभवतः कांग्रेस उन्हें दोबारा उम्मीदवार बना सकती थी.

नेय्याट्टिनकारा अदालत ने सुनवाई के दौरान पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के आधार पर एल्डहोस को बरी किया. मामले में उस समय बड़ा मोड़ आया, जब शिकायतकर्ता सहित चार प्रमुख गवाह अपने पहले के बयानों से मुकर गए. सोमवार को शिकायतकर्ता ने अदालत में बयान देते हुए कहा कि एल्डहोस कुन्नप्पिल्ली ने उसके साथ कोई यौन उत्पीड़न नहीं किया था.

यह मामला वर्ष 2022 में सामने आया था और इसके बाद से ही केरल की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ था. तिरुवनंतपुरम जिला अपराध शाखा ने मई 2024 में नेय्याट्टिनकारा सत्र अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था. आरोप पत्र में एल्डहोस पर बलात्कार और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे.

जांच एजेंसी के अनुसार, एल्डहोस पर शिकायतकर्ता का कई बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप था. इस मामले में उनके दो करीबी दोस्तों को भी आरोपी बनाया गया था. आरोप था कि उन्होंने शिकायतकर्ता को धमकाकर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया.

यह प्रकरण कांग्रेस पार्टी के लिए भी असहज स्थिति का कारण बना था, क्योंकि उस समय पार्टी महिलाओं की सुरक्षा और राजनीतिक नैतिकता के मुद्दों पर राज्य की वामपंथी सरकार को घेर रही थी. ऐसे में पार्टी नेतृत्व ने एल्डहोस को चुनावी मैदान से दूर रखने का निर्णय लिया था.

अब अदालत से राहत मिलने के बाद कांग्रेस में एल्डहोस कुन्नप्पिल्ली की राजनीतिक वापसी और उनकी भविष्य की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज होने की संभावना है.

एसएके/डीकेपी