
पटना, 13 सितंबर . बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने तेजस्वी यादव द्वारा बिहार को आपदा प्रभावित राज्य घोषित करने, बाढ़ को लेकर पीएम को पत्र लिखने और बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीशपुरम करने की मांग पर खुलकर बात की.
बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने के प्रस्ताव पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, “वहां के स्थानीय लोग शायद नाम बदलना चाहते हों. इस देश में नीतीश कुमार जैसा कोई नेता न तो पहले हुआ है और न ही भविष्य में कोई दूसरा होगा. इसमें कोई शक नहीं है. अब, लोगों के बीच नीतीश का नाम कैसे जिंदा रखा जाए, यह उनके समर्थक या उनकी नीतियों को मानने वाले लोग ही तय करेंगे.”
उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या सच में बख्तियारपुर का नाम बदला जाएगा.
वहीं, बाढ़ की स्थिति पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर अशोक चौधरी ने निशाना साधा. उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव बाढ़ को लेकर बेवजह चिंता कर रहे हैं. वे प्रधानमंत्री को बिना वजह पत्र लिख रहे हैं और बाढ़ की स्थिति पर चिंता जता रहे हैं, जबकि सरकार पूरी तरह से स्थिति से निपटने में जुटी हुई है. मुख्यमंत्री खुद और हमारे जल संसाधन मंत्री प्रधानमंत्री के संपर्क में हैं.”
अशोक चौधरी ने आगे कहा, “जरा सोचिए कि पहले बाढ़ के हालात कैसे होते थे और अभी क्या स्थिति है. पहले लोग महीनों तक बाढ़ में फंसे रहते थे, लेकिन आज सरकार पूरी तरह मुस्तैद है और सक्रिय रूप से काम कर रही है. तेजस्वी यादव सिर्फ पत्र लिखकर सुर्खियां बटोरना चाहते हैं.”
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह अनर्गल बयानबाजी कर रहा है. सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है.
–
एससीएच/डीकेपी