
कोलकाता, 29 अप्रैल . पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि ईवीएम पर पार्टी के विकल्प वाली बटन को ब्लॉक किया गया, जिससे वोटर अपना पसंदीदा उम्मीदवार चुनने से वंचित हो गए. भाजपा ने चुनाव आयोग से घटना पर संज्ञान लेने की अपील की है.
भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कई वीडियो शेयर किए. इन वीडियो में भाजपा के चिन्ह के सामने की बटन को ब्लॉक किया गया था. वीडियो बना रहे व्यक्ति चुनाव कर्मचारियों से शिकायत करते हुए नजर आए. उन्होंने दावा किया फाल्टा के हरिणडांगा हाई स्कूल में बने मतदान केंद्र के कमरा नंबर दो और बूथ-189 पर मतदान प्रभावित हुआ है. इसके साथ ही कई अन्य बूथ भी हैं.
अमित मालवीय ने पोस्ट में लिखा, “ममता बनर्जी इसी चीज का बचाव कर रही थीं, जब उन्होंने जहांगीर खान के लिए आवाज उठाई थी. कई पोलिंग बूथों पर भाजपा को वोट देने का विकल्प टेप लगाकर ब्लॉक कर दिया गया है, जिससे वोटर अपना पसंदीदा उम्मीदवार चुनने से प्रभावी रूप से वंचित हो गए हैं.”
भाजपा नेता ने आगे लिखा, “यही तथाकथित ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ है. वही तरीका, जिसने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को अपनी लोकसभा सीट हासिल करने में मदद की थी. हम फाल्टा के उन सभी प्रभावित बूथों पर तत्काल दोबारा चुनाव कराने की मांग करते हैं, जहां ऐसी घटनाएं हुई हैं.”
बता दें कि डायमंड हार्बर की फाल्टा विधानसभा सीट से भाजपा ने देबांशु पांडा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि इस निर्वाचन क्षेत्र से टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर खान हैं.
जहांगीर खान पिछले दिनों चुनाव आयोग के पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा के साथ विवाद को लेकर चर्चा में आए. अजय पाल शर्मा ने जहांगीर के परिवारों को सख्त लहजे में कानून का पालन करने को कहा था. अधिकारी ने कहा, “वे (टीएमसी उम्मीदवार) अपने व्यवहार में सुधार करें, नहीं तो बाद में परिणाम भुगतने होंगे.” इसके बाद टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर ने पलटवार करते हुए कहा था कि वे डरने वाले नहीं हैं.
–
डीसीएच/