मध्य प्रदेश से हरदीप पुरी की उम्मीदवारी पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने

भोपाल, 29 अक्टूबर मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा के उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है. इस उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस हमलावर है तो भाजपा भी जवाब देने में पीछे नहीं है. दरअसल, राज्य से राज्यसभा सदस्य रहे डॉ एल मुरुगन ने इस्तीफा दे दिया और उसके बाद चुनाव आयोग ने निर्वाचन की अधिसूचना और कार्यक्रम जारी कर दिया. यह सीट भाजपा के खाते में आना तय है और पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है.

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस की ओर से किए जा रहे हमले का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस को “सिख विरोधी” करार दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास सिख समुदाय के खिलाफ षड्यंत्रों से भरा रहा है. भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस का मन पूरी तरह सिख विरोधी हो चुका है. हिंदुस्तान में सिखों के खिलाफ कांग्रेस ने कई षड्यंत्र रचे हैं. 1 नवंबर को हजारों सिखों को जिंदा जलाने का षड्यंत्र कांग्रेस ने किया था.

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी हत्याकांड के बाद कांग्रेसियों ने चुन-चुनकर सिख परिवारों को उजाड़ने का काम किया. इसके बावजूद आज वे सिखों के जख्मों पर मरहम लगाने या माफी मांगने के बजाय उनके घावों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं. कांग्रेस सिखों को आंदोलित और भड़काने का प्रयास कर रही है. हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी और कांग्रेस के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा भाजपा पहले भी सिख समाज के साथ खड़ी थी, आज भी साथ है और भविष्य के हर संघर्ष में भी सिख समाज के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी.

वहीं, कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजना प्रदेश की जनता का घोर अपमान है. राज्यसभा का टिकट भाजपा का अंदरूनी मामला हो सकता है लेकिन एपस्टीन से जुड़े गंभीर सवालों के बीच हरदीप पुरी को मध्य प्रदेश का प्रतिनिधि बनाना मध्य प्रदेश की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है.

उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए कहा कि भाजपा बताए, आखिर मध्य प्रदेश की जनता पर ऐसा व्यक्ति क्यों थोपा जा रहा है, जिसके तार नाबालिग बच्चियों का शोषण करने वाले जेफ्री एपस्टीन से जुड़े हों? प्रदेश की जनता ध्यान रखे कि इंसानियत को शर्मसार करने वाले कुख्यात अपराधी से संबंध रखने वाले हरदीप सिंह पुरी के नामांकन का प्रस्तावक कौन बनता है, समर्थन कौन करता है और उनके नामांकन में कौन-कौन से भाजपा नेता शामिल होते हैं. इन सभी चेहरों को जनता के सामने जवाब देना होगा.

–

एसएनपी/पीएम