
हैदराबाद, 3 सितंबर . तेलंगाना में रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के एक हजार दिन पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने कहा है कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इन एक हजार दिनों में पूरा झूठ का पुलिंदा इकट्ठा किया है.
भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा, “सरकार एक हजार दिन का जश्न मना रही है और इसका सत्तापक्ष को हक है. सवाल यह है कि एक हजार दिनों में सरकार ने क्या किया है. न छह गारंटी पूरी हुई हैं, न किसी को पेंशन मिली और न महिलाओं को पैसा मिला. हर कोई आपके फ्री बस कर देने के कारण परेशान है. ऑटोरिक्शा चालकों का काम चौपट हो चुका है. टैक्सी वाले परेशान हैं. मुस्लिम समुदाय से किए गए वादे को भी सरकार ने पूरा नहीं किया.”
उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इन एक हजार दिनों में पूरा झूठ का पुलिंदा इकट्ठा कर दिया है. सवाल यह है कि वे खुद कब सुधरेंगे और कब राज्य को सुधारेंगे. अगर आपसे कोई सवाल करता है तो आप उस पर लाठीचार्ज कराते हैं.”
इसी बीच, टीआर श्रीनिवास ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव को नजरबंद रखने पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा, “रेवंत रेड्डी ने बुधवार को लोकतंत्र के साथ ज्यादती की. नलगोंडा और हैदराबाद समेत हर जगह भाजपा के कार्यकर्ताओं को पिटवाया.”
उन्होंने कहा, “हम विरोध कर रहे हैं. विरोध करना हमारा कानूनी अधिकार है. आप हमारा गला कैसे घोंट सकते हैं? और जिस तरह से आपने लोगों को पीटा, यहां तक कि हैदराबाद में अंबेडकर की मूर्ति के पास भी, वह बहुत दुखद और शर्मनाक है.”
टीआर श्रीनिवास ने आगे कहा, “भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव को घर से हिरासत में लिया गया और पूरे दिन थाने में रखा गया.” उन्होंने कहा कि भाजपा को कोई नहीं रोक सकता है. 2028 में तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनेगी.
–
डीसीएच/