
रांची, 8 सितंबर . झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज एफआईआर के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्यव्यापी प्रदर्शन कर रही है. इस मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता संदीप वर्मा ने से खास बातचीत में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला.
संदीप वर्मा ने कहा, “जिन छात्रों पर एफआईआर हुई, वह बिल्कुल गलत है और इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में और बाबूलाल मरांडी समेत कई बड़े नेताओं, विधायकों और सांसदों के साथ मुख्य सचिव से मिले थे और यह बताया गया था कि जो स्टूडेंट आंदोलन कर रहे थे और जिन पर गलत तरीके से एफआईआर की गई है, उनके ऊपर से यह एफआईआर वापस ली जाए, नहीं तो भाजपा पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी. दो दिन का समय बीत जाने के बाद भी जब इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अब हर एक जिले में डीसी ऑफिस के घेराव का कार्यक्रम है. रांची में भी मंगलवार को घेराव का कार्यक्रम है.”
उन्होंने कहा कि भाजपा की स्पष्ट मांग है कि छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस ली जाए और उन्हें न्याय मिले. उन्होंने कहा, “छात्रों का आरोप है कि सीटों को राज्य सरकार और आयोग ने मिलकर बेच दिया, कई सारे आरोप हैं और उसकी सत्यता भी प्रमाणित होने लगी है. बावजूद इसके उन लोगों पर जो कार्रवाई होनी चाहिए वह धीमी है. सीबीआई जांच की जो छात्रों ने मांग की थी, उस मांग को भी राज्य सरकार ने नहीं माना और साथ में उन पर लाठीचार्ज करके जिस तरह से उनके ऊपर ही एफआईआर किया, यह बिल्कुल गलत है.”
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाना और दोषियों पर कार्रवाई करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, न कि आंदोलन कर रहे छात्रों को अपराधी बनाना.
वहीं, इस दौरान दिल्ली में पीजी हॉस्टल की बिल्डिंग गिरने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए संदीप वर्मा ने इसे बेहद दुखद बताया. इस हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो चुका है, जिसमें सात लोगों की जान चली गई है और करीब पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा, “पूरी तत्परता से केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार इसके निदान और समाधान में लगी है, जो आरोपी हैं उनकी गिरफ्तारी भी हुई है.” नियमों का उल्लंघन करके भवन निर्माण किए जा रहे हैं, उस पर रोक लगनी चाहिए और आवश्यक कार्रवाई सिर्फ एक्सीडेंट के वक्त नहीं बल्कि हमेशा होनी चाहिए.”
इसी हादसे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा पर दिखावा करने के आरोप पर संदीप वर्मा ने पलटवार किया.
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी के सवालों का क्या जवाब दिया जाए, वह तो हर विषय में सीधे प्रधानमंत्री की ही बात करने लगते हैं. अब प्रधानमंत्री थोड़ी जाएंगे भवन चेक करने के लिए, यह तो निगम का काम होता है और स्थानीय निगम इस चीज को देखता है. यह हादसा अफसोसजनक है, किसी भी बच्चे की जान जाना बड़ा ही दुखद होता है, लेकिन इस पर राजनीति करने से अच्छा है कि इसका समाधान खोजना चाहिए और तत्परता से इसका समाधान केंद्र सरकार और दिल्ली की सरकार खोज भी रहे हैं. यह प्रयास भी जारी है कि किस तरह से दोषियों को सजा दिलाई जाए और आगे इस घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसका ध्यान रखा जाए.”
पश्चिम बंगाल में महाअष्टमी के दौरान शराब बिक्री पर प्रतिबंध के फैसले पर भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के कदम का स्वागत किया.
उन्होंने कहा, “सनातन संस्कृति में मांसभक्षण और शराब यह तो कभी भी बहुत स्वीकार्य नहीं होता है लेकिन आज के बदलते समाज के परिवेश में कुछ लोग यह काम करते हैं. लेकिन पूजा-पाठ एक ऐसा समय होता है जहां पर आपको सात्विकता के साथ पूजा करनी चाहिए. ऐसे में मुख्यमंत्री का यह कदम स्वागत योग्य है.”
–
पीआईएम/पीएम