भाजपा नेताओं ने दी पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि, उनकी वैचारिक विरासत को किया याद

नई दिल्ली, 25 सितंबर . पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने शुक्रवार को भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक विकास में उनके योगदान को याद किया. उन्होंने ‘एकात्म मानव’ के उनके दर्शन और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत का भी उल्लेख किया.

केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ​​ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मजयंती है. अगर किसी नेता ने भारतीय जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी को वैचारिक दिशा देने का काम किया, तो वे वही थे. उन्होंने 1951 से 1968 तक भारतीय जनसंघ के महासचिव के रूप में काम किया और बाद में इसके अध्यक्ष भी बने.”

हर्ष मल्होत्रा ​​ने कहा, “उन्होंने जो ‘एकात्म मानव’ दर्शन दिया आज हमारी भाजपा का मूल्य विचार वही है और एनडीए की जो सरकारें चलती हैं, उसका भी मूल्य विचार यही है कि जो समाज के अंदर सबसे गरीब-पीड़ित शोषित हैं, उसका उत्थान करना. आज पीएम मोदी ने उनके दर्शन को आत्मसात करते हुए जो मोदी की सरकार की 200 से अधिक गरीबकल्याण, जनकल्याण की जो योजनाएं हैं, उसके पीछे का मूल्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जो दर्शन है-एकात्म मानववाद और अंत्योदय का है.”

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की नीतियों के कारण से पिछले 12 वर्षों में और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन के कारण से 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं. पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन के कारण ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है. हम आज उनको स्मरण करके उनकी जयंती मना रहे हैं.

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि 25 सितंबर पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि आज के ही दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म हुआ था. उनका जन्म ब्रज क्षेत्र में हुआ और जिस तरह ब्रज क्षेत्र के भगवान कृष्ण का पूरी दुनिया में बोलबाला हुआ, उसी तरह पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों की आज पूरी दुनिया समीक्षा भी कर रही है और उस पर ही चलने का प्रयास कर रही है. आने वाले समय में उनके विचार इतने प्रभावी है कि उसमें वैश्विक आतंकवाद का समापन है, ग्लोबल वार्मिंग भी उसमें छुपी हुई है और जब तक अंत्योदय की भावना प्रत्येक देश के अंदर नहीं आएगी तब तक गरीबी समाप्त नहीं हो सकती है.”

मनोज तिवारी ने कहा कि पीएम मोदी हमेशा कहते हैं कि हम जो भी कर रहे हैं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के दिखाई रास्ते पर कर रहे हैं.

दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने दीनदयाल उपाध्याय को भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया. सूद ने कहा, “पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी इस (भाजपा) पार्टी में काम करने वाले करोड़ों कार्यकर्ताओं के आदर्श पुरुष हैं. उन्होंने अपने समग्र मानवतावाद के दर्शन में राष्ट्र की सामूहिक चेतना को ‘चिती’ के रूप में समझाया और बताया कि कैसे इस सामूहिक चेतना के जागृत होने से राष्ट्र का ‘विराट’ स्वरूप उत्पन्न होता है.”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड काल से ही सामूहिक चेतना के महत्व के बारे में बात की है और ऐसा करना जारी रखा है.

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने भी दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा, “पंडित दीनदयाल उपाध्याय हमारे मार्गदर्शक हैं. उनकी जयंती पर मैं उन्हें सादर श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं. उन्होंने हमें समग्र मानवतावाद का दर्शन और अंत्योदय का सिद्धांत दिया, जिसके तहत विकास का लाभ कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीतियों और कूटनीति का आधार भी बना है.”

–

डीसीएच/