
नई दिल्ली, 23 अगस्त . समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ‘चवन्नी’ वाली टिप्पणी का केंद्रीय राज्यमंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) प्रमुख जयंत चौधरी की ओर से दिए गए जवाब के एक दिन बाद रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सपा प्रमुख पर जाट समुदाय का ‘अपमान’ करने का आरोप लगाया.
हाल ही में अखिलेश यादव ने कहा था, “पता नहीं हमारे (सपा) साथ गठबंधन करने के लिए ये सब लोग कहां से आ गए. हमने उनकी कीमत ‘चवन्नी’ (25 पैसे) से बढ़ाकर पूरा एक रुपया कर दी थी, फिर भी वे हमें छोड़कर चले गए.” उनकी इस बात को रालोद अध्यक्ष का मजाक उड़ाने के तौर पर देखा गया.
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए जयंत चौधरी ने कहा था, “राजनीति की लड़ाई में, अगर आपको कुछ सस्ती बातें कहनी ही थीं, तो कम से कम मेरा नाम लेकर कहते, तो कोई बात नहीं होती.” उन्होंने कहा, “जाट समुदाय को निशाना बनाना और यह कहना कि हमने उन्हें ‘एबीसीडी’ सिखाई? मैंने यह अहंकार बहुत करीब से देखा है और मेरा मानना है कि ऐसे व्यवहार से सिर्फ पतन ही होता है!”
से बात करते हुए भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि अगर अखिलेश यादव बिना नाम लिए जयंत चौधरी को ‘चवन्नी’ कह रहे हैं, तो इसका मतलब है कि वह “पूरे जाट समुदाय” को ऐसा कह रहे हैं. उन्होंने कहा, “चौधरी चरण सिंह (जयंत के दादा) न सिर्फ जाट समुदाय के बल्कि किसान नेताओं में भी एक बड़े नेता थे. उनके पोते को ‘चवन्नी’ कहना पूरे समुदाय का अपमान है.”
जयंत चौधरी का जिक्र करते हुए दिनेश शर्मा ने कहा, “वह ऐसे परिवार में पैदा हुए हैं जिनके खून में राष्ट्रवाद और देशभक्ति है.”
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा, “अखिलेश यादव का अहंकार अब चरम पर है. वह आरएलडी नेताओं और चौधरी चरण सिंह का अपमान कर रहे हैं. वह जाट समुदाय का भी अपमान कर रहे हैं.” उन्होंने जोर देकर कहा, “चूंकि आरएलडी, एनडीए का एक भरोसेमंद सहयोगी है, इसलिए गठबंधन के सभी साथी पार्टी के साथ खड़े हैं.” सपा प्रमुख को चेतावनी देते हुए कश्यप ने कहा, “आपको (अखिलेश) आरएलडी का अपमान करने का नतीजा भुगतना होगा.”
–
एसडी/पीएम