यमुना सफाई अभियान में जुटी भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत बोलीं, अगले दो साल में दिखेगा बदलाव

नई दिल्ली, 14 जून . दिल्ली के कई इलाकों में रविवार को ‘यमुना सफाई अभियान’ चलाया गया, जिसमें खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं. उनके साथ तमाम वरिष्ठ अधिकारी, मंत्री, विधायक और सांसद भी इस अभियान में शामिल हुए. भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत वजीराबाद घाट पर सफाई अभियान में शामिल हुईं.

भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत के साथ एमसीडी शाहदरा नॉर्थ जोन की डीसी ममता यादव और अन्य अधिकारियों ने यमुना सफाई अभियान में भाग लिया. इस दौरान लोगों से यमुना नदी में कूड़ा न फेंकने और सफाई बनाए रखने की अपील भी की गई.

इस दौरान से बातचीत में कमलजीत सहरावत ने कहा कि यमुना नदी दिल्ली के लिए सांस्कृतिक और जल, दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, लेकिन यमुना की गंदगी और प्रदूषण चिंता का विषय है. भाजपा की तरफ से हमेशा यमुना को लेकर चिंता जाहिर की गई है. पीएम मोदी ने दिल्लीवासियों से कहा था कि अगर लोगों का समर्थन मिलेगा तो हम यमुना को साफ कर लेंगे.

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने और रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही यमुना की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. यमुना नदी हमारी भावनाओं से जुड़ी हुई है. ऐसे में आज भाजपा से जुड़े लोग श्रमदान देने के लिए आगे आए हैं.

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार जिस तरह यमुना की सफाई पर काम कर रही है, उससे उम्मीद है कि आने वाले एक से दो साल के भीतर यमुना को साफ करने में सफलता मिल जाएगी. यमुना नदी श्रद्धा का केंद्र है, ऐसे में लोगों से निवेदन है कि वे यमुना की सफाई में अपना योगदान दें, श्रमदान करें और सरकार की योजनाओं का समर्थन करें, ताकि जल्द से जल्द यमुना की सफाई हो सके.

एमसीडी की डीसी ममता यादव ने से कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर यमुना सफाई अभियान चलाया जा रहा है. हमारे जोन में पांच स्थानों पर अभियान चल रहा है. हर स्थान पर 100 से अधिक कर्मचारी तैनात हैं और 12 से 13 गाड़ियां सफाई कार्य में लगी हुई हैं. हमने कचरे को चार श्रेणियों में बांटा है और उसे एकत्रित कर नदी के किनारे से हटाया जा रहा है.

एएमटी/पीएम