भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर यूपी जाएंगे, गोरखपुर में करेंगे ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा

नई दिल्ली, 3 नवंबर . भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय सांगठनिक प्रवास पर उत्तर प्रदेश जाएंगे. पार्टी के केंद्रीय कार्यालय 6ए, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, नई दिल्ली से जारी सूचना के अनुसार नितिन नवीन 4 और 5 नवंबर को गोरखपुर में रहेंगे. यह दौरा आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर यह उनका महत्वपूर्ण सांगठनिक प्रवास होगा. इस दौरान वे पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे. बाबा गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व, वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा पदाधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें कर आगामी अभियानों को नई दिशा देंगे.

जानकारी के मुताबिक, नवीन 4 नवंबर, बुधवार को सुबह गोरखपुर पहुंचेंगे. दोपहर 12 बजे वे गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे. यह पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर सरदार पटेल प्रतिमा के समीप स्थित माता काली मंदिर पर समाप्त होगी.

पदयात्रा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन पहुंचेंगे, जहां वे समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद करेंगे. इसके बाद पार्टी के जन-प्रतिनिधियों के साथ उनकी बैठक होगी. देर शाम वे उत्तर प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसमें प्रदेश की चुनावी रणनीति और संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होने की उम्मीद है.

प्रवास के दूसरे दिन 5 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह 8 बजे बाबा गोरखनाथ मंदिर जाएंगे. वहां वे विधि-विधान से दर्शन और पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे. दर्शन-पूजन के बाद वे फिर से तारामंडल के एनेक्सी भवन पहुंचेंगे. दूसरे दिन उनका फोकस पूरी तरह से संगठनात्मक बैठकों पर रहेगा. वे सबसे पहले पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें पिछले तीन कार्यकालों के प्रदेश और क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारी, पूर्व जिला प्रभारी और पूर्व जिलाध्यक्ष शामिल रहेंगे. इसके बाद पूर्व जन-प्रतिनिधियों, जिनमें पूर्व लोकसभा और राज्यसभा सांसद, पूर्व विधायक, विधान परिषद सदस्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष शामिल हैं, के साथ संवाद करेंगे.

दौरे के अंत में वे प्रदेश पदाधिकारियों, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी और अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल होंगे, के साथ विस्तृत बैठक करेंगे. इस बैठक में आगामी अभियानों और चुनावी रणनीति की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी. माना जा रहा है कि इस दो दिवसीय दौरे से पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी.

–

एससीएच/वीसी