2027 में भाजपा 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी : रवि किशन

गोरखपुर, 21 अक्टूबर . उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इसके परिणामों पर बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा सांसद रवि किशन ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी. महादेव की कृपा और जनता के समर्थन से पार्टी को बड़ी विजय मिलेगी.

गोरखपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने कहा कि वह जनता के बीच रहते हैं और जनता की आवाज को समझते हैं. प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है. जनता का भरोसा भाजपा के साथ है. अखिलेश यादव के झांसे में नहीं आने वाले हैं.

भाजपा सांसद रवि किशन ने एमएलसी चुनाव को लेकर कहा कि उनकी पार्टी चुनाव जीतने जा रही है और शिक्षक भी भाजपा को अपनी पहली पसंद मानते हैं. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका नाता हथियारों से रहा है. मैंने कभी नहीं सुना कि समाजवादी पार्टी का शिक्षा से कोई संबंध रहा हो. समाजवादी पार्टी शिक्षकों के चुनाव में हिस्सा ले रही है, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में शिक्षक भाजपा को प्राथमिकता देंगे.

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के चुनाव लड़ने की रणनीति पर सवाल उठाते हुए रवि किशन ने कहा कि इन पार्टियों को सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए, लेकिन मैं दावे के साथ कहूंगा कि इनके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो रही है.

उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से सवाल किया कि उनका चुनावी रोडमैप क्या है और उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए क्या किया है. इन पार्टियों को यह बताना चाहिए कि वर्ष 2017 से पहले जब वे सत्ता में थीं, तब उत्तर प्रदेश की स्थिति खराब क्यों थी और प्रदेश पिछड़े राज्यों में क्यों गिना जाता था. वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के खजाने को लूटा गया. अब जब चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को जनता के सामने अपने कामकाज का हिसाब देना चाहिए और बताना चाहिए कि वे किस आधार पर वोट मांग रही हैं.

भाजपा सांसद ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में उत्तर प्रदेश माफिया गतिविधियों, बदहाली और आर्थिक संकट से प्रभावित रहा. उन्होंने प्रदेश से लोगों के पलायन और फैक्ट्रियों के बंद होने का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि सपा अब किस आधार पर जनता से वोट मांगेगी.

रवि किशन ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन जनता के सामने अपने काम और उपलब्धियों का हिसाब रखना भी जरूरी है.

–

डीकेएम/वीसी