दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर लगेगा ‘ठगों का मेला’ : भाजपा

नई दिल्ली, 1 नवंबर . विपक्ष की महारैली से पहले भाजपा ने नया पोस्टर जारी कर हमला बोला है. भाजपा दिल्ली इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्टर शेयर करते हुए विपक्ष के ‘चलो दिल्ली’ मार्च पर निशाना साधा है.

भाजपा दिल्ली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्टर शेयर करके लिखा, “आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से ‘ठगों का मेला’ लगने वाला है, जिसका मकसद अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए देश-विरोधी ताकतों के इशारे पर देश में अफवाहें और अराजकता फैलाना है.”

भाजपा की ओर से शेयर किए गए पोस्टर में इंडिया ब्लॉक के प्रमुख चेहरों को दिखाया गया है और साथ में एक कॉकरोच की तस्वीर भी लगाई गई है.

पोस्टर में बड़े अक्षरों में लिखा है, “ठगबंधन फिल्म प्रेजेंट्स – ठगों का मेला. निर्देशक – राहुल गांधी, निर्माता – अखिलेश यादव. मकसद – देश में अफवाहें और अराजकता फैलाना.”

बता दें कि विपक्षी इंडिया ब्लॉक द्वारा 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘चलो दिल्ली’ मार्च और महारैली का आयोजन किया जा रहा है. यह मार्च मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान तक पहुंच रहा है.

विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) का विरोध कर रहे हैं. विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है.

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य नेताओं का आरोप है कि मतदाताओं के वोट चुराए जा रहे हैं और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए यह ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन चलाया जा रहा है.

भाजपा लगातार इस रैली को अफवाह और अराजकता फैलाने की कोशिश बता रही है, जबकि विपक्ष इसे लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बता रहा है.

–

वीकेयू/एएस