
नई दिल्ली, 30 अप्रैल . पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद आए एग्जिट पोल पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाय मौर्य ने कहा कि हम 4 मई को असली परिणाम का इंतजार कर रहे हैं. बंगाल में भाजपा सरकार बना रही है.
मीडिया से बातचीत के दौरान यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम सभी नतीजों का इंतजार कर रहे हैं. हम एग्जिट पोल का स्वागत करते हैं, लेकिन हमारा मानना है कि 4 मई को आने वाले असल नतीजों में भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में और भी बेहतर आंकड़ों के साथ सरकार बनाएगी. असम में वह तीसरी बार सरकार बनाएगी, पुडुचेरी में एनडीए की सरकार बनेगी और तमिलनाडु में भी ऐतिहासिक प्रदर्शन होगा. केरल में भी पहली बार भाजपा के विधायक विधानसभा में मौजूद रहेंगे और लोगों की आवाज उठाएंगे.
एग्जिट पोल पर भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में एकतरफा भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी. जनता के जनादेश और एग्जिट पोल में सामने आए आंकड़ों को देखते हुए यह साफ है कि इन दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार बनेगी.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण पर भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि बात यह है कि इस बार कोई बम धमाका नहीं हुआ और न ही एक भी हत्या हुई. 2021 में 24 हत्याएं हुई थीं और 2024 में भी हिंसा की घटनाएं हुई थीं. हमारे कई कार्यकर्ता, 300 से ज्यादा प्रभावित हुए थे और कई घर जला दिए गए थे. इस बार चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों ने बहुत अहम भूमिका निभाई.
पश्चिम बंगाल में भारी मतदान पर भाजपा सांसद ने कहा कि यह ऐतिहासिक है, क्योंकि 2011 में मतदान 82 फीसदी था और अब यह 92 फीसदी तक पहुंच गया है. यही सबसे महत्वपूर्ण बात है. यह जनता द्वारा हासिल की गई एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. हमारे कई प्रवासी मजदूर भी वोट डालने के लिए वापस लौटे. लगभग 58 से 60 लाख मतदाताओं ने पूरी व्यवस्था को बदलने में अहम भूमिका निभाई है और यह बदलाव भाजपा के पक्ष में होता दिख रहा है. महिलाओं की सुरक्षा भी वोटों को प्रभावित करने वाला एक प्रमुख कारक रही है.
एग्जिट पोल पर भाजपा सांसद ने कहा कि हर चुनाव के बाद एग्जिट पोल आते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपने जुड़ाव के आधार पर, मैं विशेष रूप से भारत के चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहता हूं. 2011 में चुनाव आयोग ने बहुत कड़े कदम उठाए थे और उसी के कारण सत्ता में बदलाव आया था. इस बार भी मैं आपसे कह रहा हूं कि चुनाव आयोग ने यह सुनिश्चित किया कि हर वोटर पोलिंग बूथ तक पहुंच सके और अपना वोट डाल सके.
तेलंगाना से भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने एग्जिट पोल्स आने के बाद कहा कि मेरा विश्लेषण कुछ इस प्रकार है. असम में, हमारे प्रिय हिमंता बिस्वा सरमा जिन्हें हम ‘मामा’ कहते हैं और जिन्हें हर उम्र के लोग प्यार से ‘मामा’ कहकर पुकारते हैं की वापसी तय है और वे जीत की हैट्रिक पूरी करने जा रहे हैं.
–
डीकेएम/वीसी