कर्नाटक सरकार की नीतियों के खिलाफ एक सितंबर से पदयात्रा निकालेगी भाजपा

बेंगलुरु, 30 अगस्त . कर्नाटक में भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. भाजपा एमएलसी एन. रविकुमार ने बताया कि पार्टी एक सितंबर से पदयात्रा शुरू करने जा रही है, जिसमें सरकारी जमीन अधिग्रहण का विरोध और कई अन्य मुद्दों को उठाया जाएगा.

भाजपा एमएलसी एन. रविकुमार ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा, “पदयात्रा में सिर्फ नागेंद्र मुद्दा नहीं है, बल्कि अनेक मुद्दे हैं. केपीएससी का भ्रष्टाचार है. किसानों को एक पैसा भी अभी तक नहीं मिला. गृहलक्ष्मी स्कीम में हर महिला को 2,000 रुपए दिया जा रहा है, लेकिन पिछले दो-तीन महीने से अकाउंट में पैसा ही नहीं डाला गया है.”

उन्होंने सरकार पर पैसे के गबन का आरोप लगाते हुए कहा, “2025 फरवरी-मार्च का पैसा भी नहीं डाला गया और 5000 करोड़ रुपए कहां गया, इसका पता नहीं चला. मंत्री बोल रहे हैं कि उन्होंने पैसा डाला है, लेकिन किसी महिला को पैसा नहीं पहुंचा. ऐसे में वह पैसा कहां गया, जो एक महत्वपूर्ण सवाल है. यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में प्रोफेसरों के पास पढ़ाने का पर्याप्त गुण नहीं है. प्रदेश का लॉ एंड ऑर्डर सिचुएशन बहुत ही खराब है. कोई भी विकास का काम नहीं हो रहा है. ऐसे बहुत सारे मुद्दे हैं, जिसको लेकर हम पदयात्रा कर रहे हैं.”

जमीन अधिग्रहण के मुद्दे पर रविकुमार ने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार पूरी तरह से कमर्शियलाइज्ड सरकार है. उन्होंने कहा, “यह जमीनों को हड़पने वाली सरकार है. हजारों एकड़ जमीन लेकर टाउनशिप बनाने का प्लान किया है, जिसका किसान विरोध कर रहे हैं. बेंगलुरु सिटी में पार्क में 5 प्रतिशत जमीन लेना, जो 1000 एकड़ के ऊपर जाता है. सरकार लैंड लेकर कमर्शियलाइजेशन करेगी और कॉम्प्लेक्स बनाएगी, जिसका हम विरोध करते हैं. बेंगलुरु में कुल ग्रीनरी में कमी देखी गई है. वाहनों की संख्या बहुत बढ़ रही है, जिससे वातावरण खराब हो रहा है.”

बता दें कि कर्नाटक भाजपा राज्य सरकार के नीतियों के खिलाफ पदयात्रा निकाल रही है.

एससीएच/डीकेपी