इंडी ब्लॉक के ‘मॉक महाभियोग’ पर भाजपा का हमला, प्रह्लाद जोशी का तंज, ‘सब कुछ डुप्लीकेट’

नई दिल्ली, 1 नवंबर . इंडिया ब्लॉक द्वारा रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने जमकर निशाना साधा.

प्रह्लाद जोशी ने से बातचीत के दौरान ‘मॉक महाभियोग’ पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि पहली बात यह है कि यह गठबंधन इंडिया ब्‍लॉक नहीं, यह इंडी ब्‍लॉक है. इंडी ब्‍लॉक का प्रधानमंत्री मॉक होगा, इनके स्‍पीकर और मंत्री मॉक होंगे, क्‍योंकि यह सब डुप्‍लीकेट ही है. हम इनको 30 साल तक मॉक पार्लियामेंट करने का मौका देंगे.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने दिल्ली में इंडी अलायंस के विरोध-प्रदर्शन की आलोचना करते हुए इसे भारत की जनता के खिलाफ एक ‘युद्ध’ करार दिया. उन्होंने ‘मॉक महाभियोग’ की कवायद को लेकर विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा.

तुहिन सिन्हा ने से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर जिस प्रकार से इंडी ब्‍लॉक ने कार्यक्रम आयोजित किया है, उससे प्रतीत होता है कि ये लोग मॉक पार्लियामेंट के लायक हैं. देश की जनता सबकुछ देख रही है और आने वाले समय में इनको पार्लियामेंट में नहीं भेजेगी. कई बार केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा है कि इसी विषय पर हम विशेष सत्र रख सकते हैं, तो महाभियोग ड्रामा की जरूरत क्‍या थी?

भाजपा नेता ने कहा कि देश में वोट चोरी तीन बार हुई है. 29 अप्रैल 1946 को, देश की आजादी से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी की बैठक हुई थी. पार्टी के 15 सबसे बड़े नेताओं ने वोट डाले थे कि पहला प्रधानमंत्री कौन होगा. 12 वोट सरदार पटेल के पक्ष में पड़े थे, केवल तीन वोट जवाहर लाल नेहरू के पक्ष में थे. लेकिन मई में जब परिणाम घोषित किया गया तो पता चला कि नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री हैं. दूसरी बार 1975 में वोट चोरी हुई. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फैसला सुनाकर इंदिरा गांधी के 1971 के चुनाव को खारिज किया क्‍योंकि उसमें बड़ी संख्‍या में इलेक्‍टोरल बैड प्रैक्टिसेज पाई गईं. तीसरी बार 1987 में वोट चोरी की गई.

तुहिन सिन्‍हा ने कहा कि अगर देश में वोट चोरी हुई है तो केवल और केवल राहुल गांधी के परिवार ने अपने निजी स्‍वार्थ के लिए किया है. आज ये लोग महाभियोग का ड्रामा करते हैं. जनता ने मन बना लिया है कि ये लोग पार्लियामेंट में जाने के लायक नहीं हैं. अगली बार ऐसे लोगों को जनता सड़क पर ही भेजेगी. कुछ समय पहले राहुल गांधी ने कहा था कि हां, मैं भारतीय स्टेट से लड़ रहा हूं. मुझे लगता है कि आज कांग्रेस पार्टी द्वारा रामलीला मैदान के आसपास अराजकता फैलाई जा रही है. उसने औपचारिक तौर पर देश की जनता के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया है.

उन्होंने कहा कि व्‍यापारिक संगठन आहत हैं और कांग्रेस से गुहार लगाई थी कि रैली को एक हफ्ते के लिए रोक दें. कारोबारियों को 3,000 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है. अगर यह रैली चलती रही तो आने वाले समय में 10 हजार करोड़ का नुकसान हो जाएगा.

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए उपमुख्यमंत्री और जबलपुर के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा शहर पहुंचे. उन्होंने दिल्ली में राहुल गांधी के विरोध-प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की. उन्‍होंने कहा कि देश की जनता पूरी तरह से समझती है कि राहुल गांधी क्‍या कर रहे हैं.

–

एएसएच/एबीएम