उत्तराखंड में भाजपा का ‘मिशन 2027’ तेज, सीएम धामी ने तरुण चुघ से की मुलाकात

देहरादून, 12 जुलाई . उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी के ‘मिशन 2027’ को लेकर रविवार को देहरादून में संगठनात्मक रणनीति पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है. इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे.

बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उन्होंने अपने शासकीय आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ से आत्मीय मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक मुद्दों और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई. इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे.

सूत्रों के अनुसार, रविवार को होने वाली संगठनात्मक बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की जाएगी. माना जा रहा है कि भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय करने की योजना तैयार कर रही है.

गौरतलब है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 में होने की संभावना है, क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल उसी समय पूरा होगा. हालांकि, राज्य के राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि कुछ प्रशासनिक कारणों, जैसे जनगणना, के चलते चुनाव 2026 के अंत (नवंबर या दिसंबर) में समय से पहले भी कराए जा सकते हैं. हालांकि चुनाव की आधिकारिक तारीखों की घोषणा भारत निर्वाचन आयोग चुनाव से कुछ महीने पहले करेगा.

उत्तराखंड विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं. इनमें 13 सीटें अनुसूचित जाति और 2 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं. ऐसे में आगामी चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर अपनी रणनीति को धार देने में जुट गई है.

वीकेयू/वीसी