पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान,’ घर-घर जलेंगे दीये: संजय जायसवाल

पटना, 12 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है. बेतिया में भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले 25 वर्षों से संवैधानिक पदों पर रहते हुए देश की सेवा कर रहे हैं. इसी सेवा भावना से प्रेरणा लेते हुए पार्टी उनके जन्मदिन को ‘सेवा माह’ के रूप में मनाएगी.

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने से बात करते हुए कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए विशेष दिन है. अभियान के दौरान एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें घरों में दीया जलाने, सफाई अभियान चलाने और प्रमुख स्थानों पर जनसेवा से जुड़े कार्य करने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं.

भाजपा सांसद ने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उन लाभार्थियों से भी अपील करेगी, जिन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है. लाभार्थी अपने घरों में आशीर्वाद के तौर पर दीया जलाएं. वहीं भाजपा कार्यकर्ता स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेंगे और समाजसेवा के विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाएंगे.

संजय जायसवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ उनकी जनसेवा की एक लंबी यात्रा शुरू हुई थी, जो 7 अक्टूबर 2026 को 25 वर्ष पूरे करेगी. उन्होंने प्रधानमंत्री के काम के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता उनके जनसेवा के भाव को अपने मूल्यों का हिस्सा मानते हैं.

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर कहा कि यह अच्छा दिन है और इस अवसर पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित होने वाले हैं.

वहीं, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के मंदिर में मछली खाने को लेकर उठे विवाद पर सवाल पूछे जाने पर कुशवाहा इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से बचते नजर आए. उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है.

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कुशवाहा ने एनडीए के पक्ष में माहौल होने का दावा किया. उन्होंने कहा कि जनता एनडीए को पसंद कर रही है और प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है. कुशवाहा के मुताबिक, सरकार के कामकाज से जनता खुश है और मौजूदा रुझान भी सरकार के पक्ष में दिखाई दे रहा है.

एसएके/एएस