पटना में गंगा में नाव पलटी, दो की मौत, 5 लापता लोगों की तलाश जारी

पटना, 28 मई . बिहार के पटना जिले के बाढ़ इलाका क्षेत्र में गुरुवार को गंगा नदी में एक नाव पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई. इस घटना में अभी भी पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. पुलिस के अनुसार, आज सुबह कुछ लोग उमानाथ घाट से एक छोटी सी नाव पर सवार होकर 14 से 15 लोग प्रतिदिन की भांति सब्जी तोड़ने के लिए गए थे. ये लोग गंगा नदी के उस पार खेती करते हैं और अक्सर नाव से ही वहां जाते हैं.

बताया गया कि गुरुवार को ये लोग नाव पर सवार होकर वापस लौट रहे थे, तभी गंगा नदी की बीच धारा में नाव पलट गई. नाव पलटते ही अफरातफरी की स्थिति बन गई. बताया गया कि नाविक और ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत और बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया गया.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है. उन्होंने कहा कि अभी तक दो शव नदी से निकाले गए हैं और पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं. लापता लोगों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है. जानकारी के मुताबिक, जहां दुर्घटना हुई है, वहां नदी की धारा तेज थी कि कुछ सवारियां तो उसी में तेजी से बह गईं, उन्हें बचाने तक का मौका नहीं मिला. आसपास मौजूद मल्लाहों और स्थानीय गोताखोरों ने यह देखते ही नदी में छलांग लगा दी और सात लोगों को बचा लिया गया. इन सबको इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया.

ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुवार को इस इलाके में तेज हवा भी चल रही थी. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए और लोगों की भीड़ लग गई. राहत और बचाव कार्य जारी है.

एमएनपी/पीएम