वियतनाम नाव हादसे के मृतकों के शव पहुंचेंगे हो ची मिन्ह, औपचारिकताओं के बाद पार्थिव शरीर लाए जाएंगे भारत

हनोई, 12 जुलाई . वियतनाम में भारतीय दूतावास ने फु क्वोक द्वीप के पास हुए पर्यटक नौका हादसे में मारे गए भारतीयों के पार्थिव शरीर स्वदेश लाने की प्रक्रिया को लेकर ताजा जानकारी साझा की है. घटना के 15 मृतकों का शव भारतीय समयानुसार रविवार शाम तक हो ची मिन्ह सिटी पहुंच जाएगा. इसके बाद सारी औपचारिकताओं के बाद शवों को जल्द से जल्द भारत भेजा जाएगा.

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कल हुए नाव हादसे में मारे गए 15 भारतीय नागरिकों के शव हो ची मिन्ह सिटी ले जाए जा रहे हैं और आज शाम तक वहां पहुंच जाएंगे. हो ची मिन्ह में औपचारिकता पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत ले जाया जाएगा.”

भारतीय दूतावास ने आगे लिखा, “दूतावास और वाणिज्य दूतावास की टीमें वियतनामी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं, जिन्होंने पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत पहुंचाने के लिए हर तरह की मदद का भरोसा दिया है.”

इसके अलावा, हादसे में घायल एक भारतीय की हालत में सुधार हो रहा है, जबकि बचाए गए पर्यटक रविवार को भारत लौटेंगे. रविवार सुबह 7:30 बजे जारी आधिकारिक अपडेट के अनुसार, हादसे में जीवित बचे किशोर का वियतनाम के एक सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति लगातार बेहतर हो रही है.

भारतीय दूतावास ने शवों को भारत लाने की प्रक्रिया के लिए अधिकृत एजेंसी का चयन कर लिया है. अधिकारियों के अनुसार, शवों को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. अधिकारियों ने बताया कि अधिकृत एजेंसी रविवार को मृतकों के परिजनों से संपर्क करेगी, ताकि पार्थिव शरीर भारत भेजने के लिए आवश्यक प्राधिकरण और औपचारिकताएं पूरी की जा सकें.

इस बीच, हादसे में बचाए गए पर्यटक रविवार को अपने-अपने गृह नगरों के लिए रवाना होंगे. उनकी यात्रा के लिए विमान टिकट की व्यवस्था संबंधित मोबाइल सेवा प्रदाता ने की है. अधिकारियों ने कहा कि टीम आंध्र प्रदेश भवन भारतीय दूतावास के साथ मिलकर काम कर रही है और प्रभावित लोगों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया पूरी होने तक सभी जरूरी मदद देने के लिए स्थिति पर नजर रख रही है.

शनिवार को वियतनाम के फु क्वोक आइलैंड के पास भारतीय आगंतुकों को ले जा रही एक टूरिस्ट बोट के पलट जाने से इस हादसे में तमिलनाडु के 10 पर्यटक समेत 15 लोगों की जान चली गई.

शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, नाव में करीब 32 भारतीय पर्यटक सवार थे, जिनमें 17 तमिलनाडु के थे, जबकि बाकी यात्री आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल के थे. बताया गया कि नौका फु क्वोक द्वीप के दक्षिणी समुद्री क्षेत्र में भ्रमण के दौरान पलट गई.

अधिकारियों ने पुष्टि की कि हादसे में 15 लोगों की मौत हुई, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बचाकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई.

केके/एएस