
कोडरमा, 19 जून . झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में छह दिन से लापता 12 वर्षीय किशोर का शव शुक्रवार सुबह एक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है. मृतक की पहचान गोलवाढाब गांव निवासी शीतल कुमार (12) के रूप में हुई है. वह वीरेंद्र यादव का पुत्र था और स्थानीय विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था.
परिजनों के अनुसार शीतल बीते रविवार की शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने डोमचांच थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी. पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे.
इसी बीच शुक्रवार सुबह बगड़ो पंचायत के मेघन पहाड़ी क्षेत्र स्थित एक कुएं में शव मिलने की सूचना मिली. बताया जाता है कि कुछ ग्रामीण सुबह तालाब की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर कुएं के भीतर तैर रहे शव पर पड़ी. सूचना मिलते ही आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को खबर दी गई.
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शीतल कुमार के रूप में की. शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया. शीतल दो भाइयों में बड़ा था. उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. सूचना मिलने पर डोमचांच थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी.
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि किशोर की मौत कुएं में गिरने से हुई या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है. मामले में परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
–
एसएनसी/एसके