बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026: पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग की जोड़ी को मिली वरियता

नई दिल्ली, 4 अगस्त . बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 17-23 अगस्त 2026 तक इंदिरा गांधी स्टेडियम, नई दिल्ली में होगा. इस आयोजन के लिए हाल ही में जापान ओपन का खिताब जीतने वाली स्टार भारतीय शटलर पीवी सिंधु को नौवीं वरीयता दी गई है. वहीं, 2022 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सात्विक-चिराग की जोड़ी को पांचवीं वरीयता मिली है.

इस चैंपियनशिप की सभी पांच कैटेगरी में भारत की दो-दो एंट्री हैं और पांच में से चार कैटेगरी में कम से कम एक वरियता वाली एंट्री है.

सिंधु और सात्विक-चिराग के अलावा, पूर्व वर्ल्ड चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन को पुरुष एकल में 14वीं वरीयता मिली है. ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की मिश्रित डबल्स जोड़ी को 15वीं वरीयता मिली है.

खिलाड़ी 28 अप्रैल, 2026 की अपनी वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई हुए. रैंकिंग के आधार पर भी इस चैंपियनशिप के लिए उनकी वरीयता तय की गई है.

पुरुष एकल के विश्व चैंपियन चीन के शी युकी और दक्षिण कोरिया की महिला एकल स्टार एन से यंग अपनी-अपनी कैटेगरी में शीर्ष वरियता दी गई है.

महिला एकल की विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची को दूसरी वरियता मिली है, जबकि तीसरा और चौथा स्थान चीन की वांग झी यी और चेन युफेई को मिला है.

चैंपियनशिप के लिए ड्रॉ बुधवार को यहां होगा और अगर उससे पहले कोई वरियता प्राप्त खिलाड़ी अपना नाम वापस लेता है तो फाइनल वरियता में बदलाव हो सकता है.

दक्षिण कोरिया के किम वॉन हो और सियो सेउंग जे पुरुष डबल्स वरीयता चार्ट में टॉप पर हैं. चीन की लियू शेंग शू और टैन निंग को महिला डबल्स में शीर्ष वरीयता मिली है. उनके हमवतन फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग मिक्स्ड डबल्स वरीयता में नंबर वन हैं.

पीएके