कैनेडियन ओपन: स्वियातेक ने हासिल किया अंतिम-16 का टिकट, एकतरफा मुकाबले में गोलुबिक को हराया

टोरंटो, 7 अगस्त . इगा स्वियातेक ने कैनेडियन ओपन के अंतिम 16 में जगह बना ली है. सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने तीसरे राउंड के मुकाबले में विक्टोरिया गोलुबिक को शिकस्त दी और सिर्फ तीन गेम गंवाए.

2023 में कैनेडियन ओपन के सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वालीं पोलैंड की पूर्व वर्ल्ड नंबर एक खिलाड़ी ने गोलुबिक को 66 मिनट में 6-2, 6-1 से हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई. गोलुबिक एकमात्र ऐसी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने स्वियातेक को किसी ग्रैंड स्लैम के पहले राउंड में हराया था. हालांकि, वह मुकाबला विंबलडन 2019 में खेला गया था और उस वक्त स्वियातेक सिर्फ 18 साल की थीं. तब से पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी गोलुबिक से किसी भी मैच में नहीं हारी हैं और पिछले दो मुकाबलों में उनके खिलाफ सिर्फ पांच गेम गंवाए हैं.

स्वियातेक ने कोर्ट पर दिए इंटरव्यू में कहा, “निश्चित रूप से यह एक अच्छा दिन था और जिस तरह से मैंने खेला, उससे मैं वाकई खुश हूं. भले ही पहला गेम बहुत आसान नहीं था, मुझे पता था कि मैं शुरुआत से फिर से खेल सकती हूं, और फिर चीजें मेरे पक्ष में रहीं और मुझे अपनी लय मिल गई.”

स्वियातेक का अगला मुकाबला नंबर 10 सीड मार्टा कोस्त्युक या नंबर 19 सीड मैडिसन कीज में से किसी एक से होगा. इस बीच, एलेक्जेंड्रा एला ने नॉर्थ अमेरिकन हार्ड-कोर्ट सर्किट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 25वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने एलिसिया पार्क्स को 6-1, 4-6, 6-2 से हराकर टोरंटो में तीसरे राउंड में जगह बनाई.

सोमवार को वाशिंगटन में मुबाडाला सिटी डीसी ओपन में मर्सिडीज-बेंज द्वारा प्रायोजित डब्ल्यूटीए टूर पर अपना पहला सिंगल्स खिताब जीतने के बाद, 20 वर्षीय फिलीपीन खिलाड़ी को वेन्यू बदलने और टोरंटो में अपने डेब्यू मैच में जीत की राह पर लौटने के लिए सिर्फ दो दिन लगे. एला ने शुरुआती सेट में दबदबा बनाए रखा और 1-1 के स्कोर के बाद लगातार पांच गेम जीतकर सेट 6-1 से अपने नाम किया. सेट के दौरान अपनी सर्विस पर उन्हें किसी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा और उन्होंने लगातार बेसलाइन से पार्क्स पर दबाव बनाए रखा.

पार्क्स ने दूसरे सेट में वापसी की. शुरुआत में दो मुश्किल सर्विस गेम से उबरने के बाद, अमेरिकी खिलाड़ी ने चार ब्रेक प्वाइंट बचाए और 3-2 की बढ़त बना ली. इसके बाद उन्होंने 10वें गेम में ब्रेक हासिल करके 6-4 से सेट जीता और मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचाया. तीसरे सेट की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक बार सर्विस तोड़ी. इसके बाद, एला ने पांचवें गेम में निर्णायक ब्रेक हासिल करके 3-2 की बढ़त बना ली. एला अपने दबदबे को कायम रखने में सफल रहीं और उन्होंने अगले तीन गेम जीतकर मैच को एक घंटे और 51 मिनट में अपने नाम कर लिया.

एसएम/एएस