न्यूजीलैंड के खिलाफ भी नहीं खेलेंगी कप्तान नैट साइवर-ब्रंट, ईसीबी ने फिटनेस पर दिया बड़ा अपडेट

लंदन, 25 जून . इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने टीम की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट की इंजरी को लेकर ताजा अपडेट दिया है. ईसीबी ने बताया है कि ब्रंट काफी तेजी से रिकवर हो रही हैं, लेकिन वह ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेल पाएंगी.

साइवर-ब्रंट वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड टीम का हिस्सा नहीं रही थीं. ब्रंट की गैरमौजूदगी में चार्ली डीन टीम की कप्तानी करती हुई नजर आई थीं. वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. ऐसे में इंग्लिश टीम ब्रंट की इंजरी को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहेगी.

साइवर-ब्रंट पिंडली की समस्या से जूझ रही हैं. ईसीबी ने वेस्टइंडीज पर अपनी जीत के बाद एक बयान जारी कर पुष्टि की कि साइवर-ब्रंट ने दिन में पहले नेट्स पर बल्लेबाजी की थी, लेकिन वह न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेल पाएंगी. ईसीबी ने कहा, “इंग्लैंड महिला टीम पुष्टि करती है कि नैट साइवर-ब्रंट का एमआरआई स्कैन किया गया था, जिसमें यह सामने आया कि वह तेजी से रिकवरी कर रही हैं. उन्होंने बुधवार को नेट्स पर बल्लेबाजी भी की. हालांकि, नैट साइवर-ब्रंट की पिंडली का इलाज ठीक तरह से असर कर रहा है, लेकिन इंग्लैंड की मेडिकल टीम का मानना है कि उन्हें पूरी तरह फिट होने और चयन के लिए उपलब्ध होने से पहले अभी और रिहैबिलिटेशन की जरूरत है. इसी वजह से वह न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगी.”

साइवर-ब्रंट को यह चोट आयरलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान लगी थी. बाईं पिंडली में खिंचाव होने की वजह से ब्रंट बल्लेबाजी के दौरान रिटायर हो गई थीं. मैच के दौरान इंग्लैंड को जब 9 रनों की दरकार थी, तब साइवर-ब्रंट 48 रनों के स्कोर पर रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौट गई थीं. उन्हें पिंडली में जकड़न महसूस हुई थी. मैच के बाद ईसीबी ने कन्फर्म किया था कि स्कैन में ब्रंट की मसल्स में खिंचाव हुआ है. नैट साइवर-ब्रंट स्कॉटलैंड के खिलाफ भी इंग्लैंड टीम का हिस्सा नहीं रही थीं. इंग्लैंड का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अब तक शानदार रहा है. इंग्लिश टीम ने सभी 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है.

एसएम/डीकेपी