देश के फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी कामयाबी’, मिस्र की ऐतिहासिक जीत पर बोले कप्तान सालाह

वैंकूवर, 22 जून . फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मिस्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की. यह विश्व कप के इतिहास में मिस्र की अब तक की पहली जीत है. टीम के इस प्रदर्शन से कप्तान मोहम्मद सालाह गदगद नजर आए.

सालाह ने कहा कि इस कामयाबी को देश के फुटबॉल इतिहास की सबसे अच्छी जीतों में से एक के तौर पर याद किया जाएगा. मुस्तफा जिको, मोहम्मद सालाह और ट्रेजेगुएट के गोलों की मदद से मिस्र ने इतिहास रचा. मिस्र की टीम पहले हाफ के बाद 0-1 से पीछे चल रही थी. हालांकि, दूसरे हाफ में टीम ने दमदार वापसी करते हुए तीन गोल दागे.

मैच के बाद सलाह ने कहा, “यह जबरदस्त है. मुझे नहीं पता कि इसे शब्दों में कैसे बताऊं. यह सभी खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए एक बड़ी कामयाबी है. उम्मीद है कि हम ग्रुप में इसी तरह आगे बढ़ेंगे, और हम इतिहास लिखेंगे और अगले राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगे. आने वाले वर्षों में इस जीत को मिस्र के फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी कामयाबियों में से एक के तौर पर याद किया जाएगा.”

सालाह ने टीम की इस ऐतिहासिक जीत में गोल करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. वह मिस्र की तरफ से विश्व कप के दो संस्करण में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने. इसके साथ ही वह मिस्र की ओर से गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बने. उन्होंने यह गोल 34 साल और 9 दिन की उम्र में किया. इस मामले में उन्होंने मैग्डी अब्देलगनी को पीछे छोड़ा, जिन्होंने मिस्र के लिए 30 साल और 320 दिन की उम्र में गोल दागा था.

मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने के बाद मोहम्मद सालाह ने कहा कि उनकी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, खासकर दूसरे हाफ में. उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल के साथ खेला, जिसकी बदौलत टीम ने तीन गोल किए और न्यूजीलैंड पर लगातार दबाव बनाए रखा.

सालाह ने कहा कि वह और उनके साथी खिलाड़ियों ने मिस्र के प्रशंसकों को खुश करने और वर्ल्ड कप में जितना आगे तक संभव हो, पहुंचाने का संकल्प लिया है. उन्होंने कहा, “हम फिलहाल अपने ग्रुप में शीर्ष पर हैं, लेकिन अगला मैच हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा. आज हम इस जीत का जश्न मनाएंगे और फिर कल से ईरान के खिलाफ होने वाले मुकाबले की तैयारी शुरू करेंगे.”

एसएम/पीएम