मुंबई : प्यार के जाल में फंसाकर धर्मांतरण, जोगेश्वरी में युवक पर केस दर्ज

मुंबई, 10 नवंबर . मुंबई के जोगेश्वरी पूर्व के अमीना नगर में शादी का झांसा देकर युवती का धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है. इस मामले में मेघवाड़ी पुलिस ने आरोपी फैज अकबर खान के खिलाफ महाराष्ट्र धर्मस्वातंत्र्य कानून के तहत एफआईआर दर्ज की है.

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता निलेशा निलेश राणे (50) ने आरोप लगाया है कि आरोपी फैज अकबर खान ने उनकी 22 वर्षीय बेटी श्रावणी को शादी और आर्थिक मदद का लालच देकर हिंदू से मुस्लिम धर्म में परिवर्तित किया.

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने पहले युवती से नजदीकी बढ़ाई और फिर कहा कि धर्म बदलोगी तो शादी करूंगा. मां का आरोप है कि इसी लालच और दबाव में बेटी का धर्मांतरण कराया गया.

शिकायत के मुताबिक, 18 अक्टूबर को युवती घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिवार ने विरार पुलिस में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी. परिवार को उस समय नहीं पता था कि बेटी कहां है और किसके साथ है.

बाद में युवती ने 20 अक्टूबर को अपनी मां को बांद्रा कोर्ट में की गई कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट भेजा. इस सर्टिफिकेट के मिलने के बाद परिवार को शादी की जानकारी मिली.

सबसे अहम सबूत 24 अक्टूबर को सामने आया, जब आरोपी ने युवती के भाई के व्हाट्सऐप नंबर पर शादी का कार्ड भेजा. इस कार्ड में “मोहम्मद फैज वेड्स श्रावणी (आयेशा)” लिखा था, जिसमें शादी की तारीख 6 नवंबर 2026 बताई गई थी.

कार्ड में श्रावणी के नाम के आगे आयेशा लिखा होना परिवार के लिए बड़ा झटका था. इसी कार्ड के आधार पर मां ने आरोप लगाया कि यह जबरन धर्मांतरण का मामला है.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र धर्मस्वातंत्र्य कानून, 2026 की धारा 9(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि धर्मांतरण में लालच, दबाव या शादी के झांसे का इस्तेमाल हुआ या नहीं.

मामले की जांच उपनिरीक्षक इंद्रजीत नेमाने कर रहे हैं. पुलिस युवती, आरोपी और परिवार के बयान दर्ज कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है.

–

वीकेयू/पीएम