सीबीआई ने जम्‍मू में रिश्वत लेने के आरोप में जूनियर असिस्टेंट को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 25 मई . केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जम्मू के नरवाल स्थित पीएचई मैकेनिकल अर्बन सर्कल के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर कार्यालय में कार्यरत एक जूनियर असिस्टेंट को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसी ने आरोपी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.

सीबीआई के अनुसार, आरोपी जूनियर असिस्टेंट मोहम्मद उस्मान पर आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता के पेंशन मामले को आगे बढ़ाने और उसे मंजूरी दिलाने के बदले 4,500 रुपए की रिश्वत मांगी थी. शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी ने रिश्वत की रकम प्राप्त करने के लिए शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप के माध्यम से एक क्यूआर कोड भेजा था, ताकि डिजिटल भुगतान के जरिए रकम ली जा सके.

जांच एजेंसी ने रविावार को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने के बाद एक जाल बिछाया. सीबीआई टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से क्यूआर कोड के माध्यम से रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया. इसके बाद आरोपी को सोमवार को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया.

सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस तरह की गतिविधियों में कोई अन्य कर्मचारी भी शामिल था या नहीं.

इससे पहले, सीबीआई ने 20 मई को झारखंड में गिरिडीह के सीजीएसटी अधीक्षक और निरीक्षक को रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार किया था. आरोप है कि आरोपी सीजीएसटी अधीक्षक और निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से उसके इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) विसंगति को हल करने के लिए 90,000 रुपए की रिश्वत की मांग की और रिश्वत की राशि का भुगतान न करने पर उसका जीएसटी नंबर ब्लॉक करने की धमकी दी.

एएसएच/वीसी