केंद्र सरकार हर क्षेत्र में विफल साबित हो रही है : हरीश चौधरी

जैसलमेर, 19 जून . कांग्रेस नेता हरीश चौधरी ने विभिन्न मुद्दों का जिक्र करके भाजपा पर निशाना साधा.

उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हर क्षेत्र में केंद्र सरकार विफल साबित हुई है. आगामी कृषि सीजन में हम लोगों के सामने कई प्रकार के संकट आ चुके हैं. खेती के लिए खाद नहीं मिल रहे हैं. छात्रों को अपना भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है. नीट, सीबीएसई और तमाम संस्थाएं ध्वस्त हो चुकी है. छोटे व्यापारियों के व्यापार खत्म हो चुके हैं. मजदूर को मजदूरी नहीं मिल रही है. मनरेगा जैसी योजनाओं को सुनियोजित तरीके से खत्म किया जा चुका है. उद्योगपति भी परेशान हैं.

उनके मुताबिक, हमारे पूर्वजों ने थार को सुरक्षित रखने का काम किया. प्रकृति ने हमारा साथ नहीं दिया. आज उसी के ऊपर हमला किया जा रहा है. राष्ट्रीय सुरक्षा का सहारा लेकर लोग राजनीतिक लाभ अर्जित करने की कोशिश कर रहे हैं. यह दुर्भाग्य की बात है. हम लोग संसद से लेकर सड़क तक अपने थार के लिए संघर्ष करेंगे. हम अपनी सीमा को सुरक्षित करने की मांग करेंगे.

उन्होंने कहा कि जो लोग सीमा की स्थिति से अवगत हैं, वो इस बात को जानते होंगे. सीमा के पास हमारे यहां तनोट माता जी का मंदिर है. आज आप इस तरह का रिकॉर्ड निकालकर क्या सिद्ध करना चाहते हैं? तनोट माता के मंदिर के निर्माण में किसकी भूमिका सबसे अधिक रही. हमारे राष्ट्रीय सुरक्षाबल की. आप किसी भी जाति धर्म के लोगों से इस बारे में पता कर लें, आपको पूरी जानकारी मिल जाएगी. आज उसी के ऊपर प्रहार किया जा रहा है. क्या उन्हें इतिहास के बारे में नहीं पता है, अच्छे से पता है. लेकिन, इसके बावजूद भी जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है. हम देश के मुद्दों से किसी का ध्यान नहीं भटकने देंगे.

उन्होंने कहा कि थार सब जानता है. उससे कुछ नहीं छुपा है. किसने कहां पर अतिक्रमण किया. किस मकसद से अतिक्रमण किया. आप इस थार के अपनत्व पर हमला नहीं करें. सिर्फ सत्ता के मोह और लालच में इस थार को मत रौंदिए. आज की तारीख में थार का अपनत्व खतरे में है और हम उसे बचाने के लिए काम कर रहे हैं.

एसएचके/एबीएम