
नई दिल्ली, 15 सितंबर . केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 16 सितंबर को बिहार के एक दिवसीय सघन प्रवास पर रहेंगे. इस दौरान वह राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक हवाई सर्वेक्षण करेंगे, जमीनी स्तर पर जाकर प्रभावित किसानों एवं आमजन से सीधा संवाद करेंगे और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे.
उनके इस दौरे में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी रहेगी. संकट की इस घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र सरकार बिहार के किसानों और नागरिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.
तय कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से पटना पहुंचकर सुबह 10:30 बजे पटना स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा दिघवारा एवं मनेर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. इसके बाद सुबह 11 बजे हाजीपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से सड़क मार्ग द्वारा तेरसिया एवं सरायपुर गांवों का दौरा करेंगे. यहां वह सीधे खेतों में उतरकर बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण करेंगे तथा स्थानीय किसानों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे.
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद चौहान गांधी सेतु होते हुए दोपहर 12:15 बजे ‘संवाद’, मुख्यमंत्री सचिवालय (पटना) पहुंचेंगे. यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों एवं किसानों को दी जाने वाली सहायता को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लेंगे.
दोपहर डेढ़ बजे पटना से प्रस्थान कर केंद्रीय मंत्री करीब 2.15 बजे मुंगेर के नवाबगढ़ी पहुंचेंगे. यहां वे नवाबगढ़ी स्थित राहत शिविर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे और चल रहे राहत कार्यों की गुणवत्ता परखेंगे. इसके बाद वे सड़क मार्ग से भागलपुर होते हुए नवगछिया के कोजीकरैया बांध का निरीक्षण करेंगे. शाम को वे भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर में जाकर शरण लिए हुए प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी कुशलक्षेम जानेंगे. रात्रि विश्राम भागलपुर राजकीय अतिथिशाला में करने के उपरांत 17 सितंबर की सुबह भी शिवराज सिंह बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने के पश्चात पटना के लिए प्रस्थान करेंगे.
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के 16 सितंबर को होने वाले इस संवेदनशील और त्वरित दौरे से स्पष्ट है कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों को हरसंभव मदद व त्वरित राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
–
डीकेएम/एबीएम