
कोलकाता, 15 जुलाई . भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को अनुमान जताया कि अगले चार दिनों तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. विभाग ने यह भी कहा है कि खराब मौसम की वजह से गुरुवार को होने वाले जगन्नाथ रथ यात्रा के कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं.
कोलकाता के अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि अगले चार दिनों तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि रविवार से दक्षिण बंगाल के जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि अगले कुछ दिनों तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है. इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
बुधवार को उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और झाड़ग्राम जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
गुरुवार को जगन्नाथ रथ यात्रा के दिन कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुरा और पश्चिम बर्दवान जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है.
दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, बाकी जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है. ऐसे में गुरुवार को होने वाली जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन पर मौसम का असर पड़ने की आशंका है.
इस बीच, बुधवार को दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. उत्तर बंगाल के अन्य सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है. हालांकि, रविवार से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है. रविवार को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, सोमवार को बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है.
–
एसएचके/पीएम