बिहार: जनसाधारण एक्सप्रेस से धुआं निकलने से सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी

पटना, 1 मई . सहरसा से अमृतसर जा रही 14603 जनसाधारण एक्सप्रेस में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के पावर कार से अचानक धुआं निकलने लगा.

इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्रेक बाइंडिंग की वजह से पावर कार के नीचे से घना धुआं उठने लगा था.

स्थिति को गंभीर समझते हुए यात्रियों ने तुरंत इमरजेंसी चेन खींच दी, जिससे ट्रेन ओवरब्रिज के पास रुक गई. ट्रेन रुकते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई. कई यात्री एहतियातन ट्रेन से उतर गए.

ट्रेन के चालक और गार्ड ने तुरंत मोर्चा संभाला. ट्रेन में मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने आग बुझाने वाले यंत्रों की मदद से धुएं को नियंत्रित करने की कोशिश की. कुछ देर तक धुआं निकलता रहा, जिससे मामला गंभीर लगने लगा. रेलवे अधिकारियों ने तुरंत स्थानीय फायर ब्रिगेड को सूचना दी.

दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर धुएं पर काबू पाने का अभियान शुरू किया. लगातार कोशिशों के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.

घटना के बाद ट्रेन को सावधानीपूर्वक सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर लाया गया. कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया.

इस घटना के कारण जनसाधारण एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक देरी से चली. रेलवे अधिकारियों ने पावर कार से धुआं निकलने के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है.

प्रारंभिक जांच में ब्रेक बाइंडिंग जैसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है, हालांकि अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं. जनसाधारण एक्सप्रेस बिहार को पंजाब और हरियाणा जैसे उत्तर भारतीय राज्यों से जोड़ने वाली प्रमुख ट्रेनों में से एक है.

एएमटी/वीसी