बच्चों ने सरकार को माफ नहीं किया, पीएम के संदेश पर सपा सांसद सनातन पांडे का पलटवार

लखनऊ, 1 अगस्त . समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं विरोध प्रदर्शन में शामिल बच्चों को माफ करता हूं.

सपा सांसद ने समाचार एजेंसी से बातचीत में दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं के विरोध प्रदर्शन से परेशान हो गए. स्थिति ऐसी हो चुकी है कि उन्हें अब डर लग रहा है. हमें यह समझना होगा कि भारत के संविधान में हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का पूरा हक है. हर व्यक्ति को इस बात का पूरा हक है कि उनकी बात सुनी जाए, उनकी बात मानी जाए. इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

उन्होंने कहा कि हमें यह समझना होगा कि आखिर बच्चे वहां पर जमा क्यों हुए थे. बच्चे वहां पर अपनी मांग को लेकर एकत्रित हुए थे और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे. बच्चों की कोई गलती नहीं है. प्रधानमंत्री की ओर से बच्चों को माफ कर देने से कुछ भी प्राप्त होने वाला नहीं है. सवाल है कि प्रदर्शनकारी बच्चों ने प्रधानमंत्री को माफ किया है या नहीं, क्योंकि जिस तरह से इन बच्चों के साथ पुलिस प्रशासन ने दमनकारी रवैया अपनाया, उसे पूरे देश ने देखा है. उनके कपड़े फाड़े गए. उनके साथ बदसलूकी की गई.

सपा सांसद ने कहा कि ये बच्चे बिना खाए पीए प्रदर्शन में लंबे समय तक शामिल रहे. जिस तरह से पुलिस प्रशासन ने बच्चों के ऊपर लाठीचार्ज किया, उनके साथ निर्ममतापूर्वक व्यवहार किया. इतना ही नहीं, उनके पर कील गड़ी हुई लाठी मारी गई. पुलिस प्रशासन का दमन सहने वाले बच्चों ने अभी तक सरकार को माफ नहीं किया और जहां तक मेरा मानना है कि यह बच्चे सरकार को माफ भी नहीं करेंगे. इस देश की हुकूमत बहुत जल्द ही जाने वाली है.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झूठी है. अब तक जितने भी वादे इस सरकार ने किए हैं, उसे अभी तक पूरा नहीं किया. यह कहना गलत नहीं होगा कि इस सरकार में किसान, व्यापारी और युवा समाज का हर वर्ग दुखी है. कुल मिलाकर देश की स्थिति बहुत ही खराब है. देश की जनता परेशान है. इन्हें इस देश की जनता माफ नहीं करेगी और रही बात सरकार की तो वो बिल्कुल भी माफ नहीं करेगी.

साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा की सरकार अवध एक्सप्रेस पर आई थी और अयोध्या एक्सप्रेस पर चली जाएगी. सपा सांसद ने कहा कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जो कुछ भी कहा है, वो बिल्कुल ठीक कहा है, क्योंकि आज की तारीख में अगर कोई नेता भारत के युवाओं, किसान और देश की सीमाओं की बात करता है, तो वो अखिलेश यादव हैं. यह बात देश की जनता भलीभांति समझ रही है.

एसएचके/वीसी