
नई दिल्ली, 11 अगस्त . सीजेपी प्रोटेस्ट, नीट अभ्यर्थियों के आंदोलन और रांची में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने योगी सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने से कहा कि जब युवा सड़कों पर अपने अधिकार मांगने उतरे तो उन पर हमले करवाए गए और हमला करने वालों का बाद में फूल-माला से स्वागत हुआ.
इस्कॉन मंदिर में ड्रेस कोड लागू किए जाने को लेकर सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा, “मंदिर का अपना फैसला है. इस्कॉन की अपनी एक कम्युनिटी है, जो पूरे देश में है. ये उनका निर्णय है. परिधान किसी विदेशी परंपरा को नहीं दिखाता, ये अपनी सहूलियत की बात है, कौन किस चीज में आराम महसूस कर रहा है, इसमें किसी देशी और विदेशी परंपरा की बात नहीं होती. अब तो सभी जो जिसे पसंद है वो कर रही है.”
यूपी सरकार ने प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आय बढ़ाने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसके तहत पशुपालकों से 10 रुपए प्रति लीटर की दर से गौमूत्र खरीदा जा रहा है. इसे लेकर सपा विधायक ने कहा कि सरकार बच्चों के भविष्य, युवाओं की किस्मत, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की समृद्धि को बेचकर, पेपर लीक कराकर, परीक्षाओं की भर्तियों और आरक्षणों में घोटाला करके, सिर्फ यही कर सकती है.
सरकारी नौकरी वाली महिलाओं के चौथे बच्चे पर मातृत्व अवकाश नहीं देने की बात पर रागिनी सोनकर ने कहा कि इस पर संसद में बहस की योजना बनाई जा रही थी, हालांकि, अब तक हुई नहीं है. इस मामले में हर पहलू पर चर्चा होनी चाहिए. ऐसे अचानक से निर्णय नहीं आना चाहिए.
लाल किले पर वंदे मातरम गाए जाने को लेकर विधायक ने कहा, “शुरू की जो लाइन है, वो हम सभी सुनते आ रहे हैं, मुझे भी आती है, और गाते हैं. हम उसका सम्मान भी करते हैं, लेकिन उसके साथ अगर अतिरिक्त लाइन भी जोड़ी जा रही है, तो व्यक्तिगत तौर पर मुझे कोई आपत्ति नहीं है.”
2027 के यूपी चुनाव के लिए सपा ने अपने पहले प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया है. इसे लेकर रागिनी सोनकर ने कहा, “सपा किसी जाति की पार्टी नहीं है, यह संपूर्ण समाज को लेकर हर वर्ग को लेकर आगे बढ़ने वाली पार्टी है. उसमें प्रत्येक जाति को अवसर मिलेगा, हर जगह से. जहां पर जो समीकरण है, उस हिसाब से सबको मौका मिलेगा. इसमें किसी को साधने वाली कोई बात नहीं है. इससे भाजपा जरूर घबराई हुई है. उन्होंने कुछ जातियों पर अपनी मुहर लगा रखी थी. उनका अस्तित्व धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है. सभी समाज चाहे, ब्राह्मण, ठाकुर या वैश्य या कोई और हो, सब पढ़ा-लिखा है.”
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में प्रत्येक समाज के लोग मजबूती से आगे आएंगे. पूरा समाज मिलकर यूपी का भविष्य तय करने जा रहा है. भाजपा ने हिंदुत्व का नाम लेकर ठेकेदारी शुरू कर दी. जो भी इनके विरोध में बोलता है, उसपर हमला करवाते हैं. जो हमला करता है, उसका फूल-माला से स्वागत करवाते हैं. कुछ दिन पहले जब युवाओं ने प्रदर्शन किया, सीजेपी का प्रोटेस्ट, अभिजीत दिपके के ऊपर हमला कराया गया. हमला कराने वाला व्यक्ति जब जेल से बाहर आया तो उसका फूल-माला से स्वागत कराया गया.
उन्होंने कहा कि नेहा सीजेपी प्रोटेस्ट में थी, क्योंकि वो नीट के बच्चों का अधिकार मांग रही थी. उसके बाद वो झारखंड भी पहुंची, तो आपने उसके ऊपर स्याही फेंकवा दी. आप खुद अपना चरित्र दिखा रहे हो कि कोई अगर हिंदू है, तो भाजपा से सर्टिफिकेट लेकर जाए, तब वो हिंदू कहलाएगा. हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शुरू से ही रांची में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर बयान दिया है. जिस समय सीजेपी का प्रोटेस्ट हुआ, कोई विपक्ष का नेता स्टेज पर नहीं पहुंचा. सही समय पर बात हुई होती, तो सही निष्कर्ष निकला होता. आपने तो संवाद स्थापित करने का प्रयास नहीं किया. रांची प्रोटेस्ट को लेकर आज भी संसद में कुछ बात हुई.
–
केके/एबीएम