
अमृतसर, 30 अगस्त . आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अजय गुप्ता ने रविवार को अमृतसर के ऐतिहासिक जलियांवाला बाग में शहीदों को श्रद्धांजलि दी और ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत सफाई अभियान की शुरुआत की. इस दौरान नगर निगम के मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
आप विधायक अजय गुप्ता ने से बात करते हुए कहा, “पंजाब में, पंजाब के बेटे भगवंत सिंह मान और हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने स्वच्छता अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत आज हमने अपने निर्वाचन क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया है.”
उन्होंने कहा कि उनका निर्वाचन क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां सचखंड श्री हरमंदर साहिब और श्री दुर्ग्याणा तीर्थ जैसे पवित्र स्थल आते हैं. यह गुरुओं, पीरों, पैगंबरों, वीरों और शहीदों की धरती है. यहां रोजाना 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, इसलिए शहर का साफ-सुथरा होना बेहद जरूरी है.
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, “हम सब मिलकर इस पवित्र शहर को साफ-सुथरा रखें. क्योंकि कोई भी मुहिम तब तक कामयाब नहीं होती जब तक लोगों का सहयोग न मिले. मैं चाहता हूं कि सभी लोग अपने आसपास गंदगी न फैलाएं, खुद भी न डालें और किसी और को भी न डालने दें.”
वहीं, नगर निगम के मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने कहा कि अमृतसर गुरुओं की नगरी है. यह पीरों-पैगंबरों की धरती है. निगम और आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी तरफ से सफाई के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सरकार का काम नहीं, बल्कि एक जन जागरूकता अभियान है, जिसमें लोगों को जोड़ना जरूरी है.
मेयर ने कहा, “हमने जो यह जागरूकता अभियान शुरू किया है, इसके साथ लोगों को भी जोड़ना चाहते हैं ताकि हम मिलकर अपने इस पवित्र शहर को खूबसूरत और साफ-सुथरा बनाएं. इसके तहत हमने पहले भी जो जागरूकता अभियान चलाए थे, उसमें हमें बहुत बड़ी सफलता मिली है. हमारे शहरवासी बहुत सुलझे हुए लोग हैं और काफी ज्यादा इन्होंने साथ देना शुरू किया है, लेकिन अभी भी काफी कमी है.”
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में निगम, सरकार और लोगों के सहयोग से अमृतसर को देश का सबसे खूबसूरत और साफ-सुथरा शहर बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसे सफाई अभियान लगातार चलते रहेंगे और हर वार्ड में लोगों को जागरूक किया जाएगा.
–
पीआईएम/डीएससी