पंजाब के सर्वांगीण विकास और कई मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से चर्चा हुई: सीएम भगवंत मान

नई दिल्ली, 8 अगस्त . पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की. उन्होंने बताया कि राज्य के सर्वांगीण विकास सहित कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई.

सीएम भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस बैठक में पंजाब के सर्वांगीण विकास और राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई. पंजाब के अधिकारों की पुरजोर वकालत करना और राज्य को उसके जीवंत ‘रंगला पंजाब’ वाले गौरव को वापस दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

वहीं, इस मुलाकात के बारे में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से दिल्ली स्थित कार्यालय में भेंट हुई. इस अवसर पर प्रदेश के विद्युत क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई. राज्य की वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति को अधिक सुदृढ़ करने तथा धान की रोपाई के समय किसानों की बढ़ी हुई बिजली मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त विद्युत उपलब्धता सुनिश्चित करने से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से विस्तृत विचार-विमर्श किया गया.

दूसरी ओर, सीएम मान ने बताया कि मोहाली में 866 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं. हमारी सरकार ने अब तक पारदर्शिता के साथ 69,094 सरकारी नौकरियां दी हैं. सिस्टम में युवाओं का भरोसा बढ़ा है और विदेश जाने की प्रवृत्ति कम हुई है. पंजाब अब शिक्षा के क्षेत्र में केरल को पीछे छोड़कर देश में नंबर वन बन गया है. सरकारी स्कूलों के 882 बच्चों का नीट पास करना इस बात का सबूत है. युवाओं में अपार क्षमता है, हम बस उन्हें सही दिशा दे रहे हैं. उड़ान आपकी है, आसमान हम देंगे.

इसी बीच, सीएम मान ने शनिवार को शेर-ए-पंजाब टी-20 टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की.

सीएम ने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं. हमारी सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल के क्षेत्र में राज्य को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. इस टी-20 कप में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं. सभी मैच 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेले जाएंगे.

डीकेएम/डीकेपी