सुखबीर सिंह बादल पर हमले की सीएम फडणवीस ने ली जानकारी, जांच के निर्देश

नांदेड़, 13 अगस्त . पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए हमले को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली है. मुख्यमंत्री ने पुलिस को हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने और मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं.

नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक रोहन नीलाभ ने को बताया कि सुखबीर सिंह बादल पर हमला जसपाल सिंह नाम के एक निहंग ने किया. आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, जसपाल सिंह पिछले करीब दो वर्षों से गुरुद्वारे में ही काम कर रहा था. हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है.

एसपी ने बताया कि जसपाल सिंह ने अपने पास मौजूद कृपाण से सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया. घटना के समय हरसिमरन कौर भी उनके साथ मौजूद थीं. पुलिस हमले की परिस्थितियों और आरोपी के मकसद की जानकारी जुटा रही है.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की जानकारी लेने के बाद आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की पुष्टि की. उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि हमले के पीछे का उद्देश्य क्या था, इसकी विस्तृत जांच की जाए. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुखबीर सिंह बादल की हालत ठीक है.

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर में माता साहिब गुरुद्वारे के पास यह हमला हुआ. घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनके हाथ में चोट लगी है और शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में भी चोट की सूचना है.

हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की विशेष सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे पर भी हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गए. सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल आरोपी को पकड़ लिया.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किस वजह से हमला किया और क्या इसके पीछे कोई अन्य कारण या साजिश थी. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

हमले से पहले सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में परिवार के साथ माथा टेकने और सभी की भलाई के लिए अरदास करने की जानकारी साझा की थी. उन्होंने लिखा था, “तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में मैंने अपने परिवार के साथ सिर झुकाया और सभी की भलाई के लिए अरदास की. गुरु साहिब पूरी दुनिया पर अपनी दया बनाए रखें.”

डीएससी