सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का किया शुभारंभ

देहरादून, 4 जुलाई . ऋषिकेश से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण– जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ (सेवा पखवाड़ा) कार्यक्रम का शुभारंभ किया. प्रदेश सरकार और आमजन के बीच समन्वय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान के द्वितीय चरण की शुरुआत की गई है.

पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री पद पर 5 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया है. 5 वर्षों की जनसेवा, सुशासन एवं विकास यात्रा को समर्पित सेवा पखवाड़ा प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है.

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करेगी. प्रदेशभर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य, आयुष्मान, पेंशन, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा.

जनसमस्याओं का मौके पर पंजीकरण, त्वरित निस्तारण तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी शिविरों में मौजूद रहेंगे. दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, किसानों, युवाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.

स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा. प्रदेश के सभी जनपदों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सहभागिता से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प साकार किया जाएगा.

डीकेपी/