
पटना, 13 अगस्त . बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को से बात करते हुए कहा कि झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन से कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा को कोई लेना-देना नहीं है. झारखंड में पेपर लीक हुआ, पंजाब में पेपर लीक हुआ. जहां-जहां विपक्ष की सरकारें हैं वहां पेपर लीक हो रहा है. लेकिन इन लोगों को छात्रों के हित से कोई मतलब नहीं है.
उन्होंने कहा, “झारखंड सरकार में कांग्रेस के चार-चार मंत्री हैं लेकिन आज तक कोई भी छात्र से मिलने नहीं गया. कांग्रेस की सरकार में बराबर की भागीदारी है. क्यों नहीं दबाव बनाते राहुल गांधी? लेकिन उनको छात्र हित से कोई मतलब नहीं है.”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के समय में कई पेपर लीक हुए लेकिन कभी भी स्पेसिफिक पेपर लीक पर कोई कानून नहीं बनाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानून बनाया. 2024 में कानून बनाया और उसे और कड़ा किया. अब अपराधियों को जल्द से जल्द सजा मिले इसकी भी व्यवस्था की गई है.”
संसद के मानसून सत्र में चल रहे गतिरोध पर सरावगी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह एक-एक बात का जवाब देने को तैयार हैं. कल भी उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा. जिन-जिन बातों पर चर्चा चाहते हैं, 24 घंटा भी लोकसभा खोलनी पड़े तो खोलिए. एक-एक बात पर जवाब देने तैयार हैं. लेकिन राहुल गांधी अराजकता और झूठ के पोस्टर बॉय बन चुके हैं. इनको चर्चा से कोई मतलब नहीं है. नेता प्रतिपक्ष का काम सुझाव देना होता है, लेकिन ये देश का समय बर्बाद कर रहे हैं.”
बिहार छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर एके-47 चलाने के विरोध में तेजस्वी यादव द्वारा राजभवन मार्च के आह्वान पर सरावगी ने कहा, “अब याद आ गए इनको छात्रों के आंदोलन. महीना भर यूरोप में थे, ठंडी हवा खा रहे थे. अब अचानक इनको छात्रों की याद आ गई है.”
उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी छात्र आंदोलन की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं. लेकिन जनता सब जानती है. बाकीपुर में भी इनके प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई. इनको कोई मतलब नहीं है. न अपराध से मतलब है, न पेपर लीक से, न छात्रों के आंदोलन से.”
सरावगी ने तेजस्वी के परिवार पर तीखा हमला करते हुए कहा, “इनका तो पूरा परिवार बेल पर है. इनके पिताजी सजायाफ्ता हैं. दिल्ली के न्यायालय ने कहा था कि पूरा परिवार राजनीति में अपराधिक सिंडीकेट चलाता है. जब इनके पिताजी की सरकार थी तो अपराध और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त था.”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आज अपराधियों पर लगाम कसी जा रही है. फास्ट ट्रैक कोर्ट बन रहे हैं. जो अपराधी या भ्रष्टाचारी अवैध संपत्ति अर्जित किए हुए हैं, उनकी संपत्तियों को खंगाला जा रहा है. कोई अपराधी भागता है तो पैर में भी गोली मारकर पकड़ा जा रहा है.”
–
पीआईएम/पीएम