‘कांग्रेस डूबता जहाज है और राहुल गांधी असफल नेता’, इंडिया ब्लॉक की रैली पर बोले भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल

नई दिल्ली, 2 नवंबर . भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान रैली को विपक्ष की निराशा और बदहवासी का प्रतीक बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए खंडेलवाल ने दावा किया कि कांग्रेस के आंदोलनों से फेस्टिवल सीजन में दिल्ली के व्यापार को 550 करोड़ और सरकार को 700 करोड़ के राजस्व का नुकसान हुआ. उन्होंने कांग्रेस को डूबता जहाज और राहुल गांधी को असफल नेता करार दिया.

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “ये सभी लोग उस सपने को देखने की चेष्टा कर रहे हैं, जो कभी पूरा नहीं हो सकता. लगातार तीन बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा का चुनाव जीत रहे हैं. उसके बाद जहां-जहां विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं, वहां पर भारतीय जनता पार्टी ने अभूतपूर्व विजय दर्ज की है. ये जनता का मैंडेट है. जनता को अधिकार है कि वह किसे चुने और किसे न चुने. अब यदि जनता कांग्रेस को रिजेक्ट करती है, जनता राहुल गांधी को रिजेक्ट करती है, जनता राहुल गांधी को एक असफल नेता घोषित करती है, तो उसमें किसी दूसरे का दोष नहीं है.”

उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, चाहे वह खड़गे हों, चाहे राहुल गांधी हों या कांग्रेस एवं विपक्ष के अन्य नेता, यह उनकी निराशा और बदहवासी का प्रतीक है कि वे इस प्रकार की बेबुनियाद बातें करते हैं, जबकि वे जानते हैं कि लोकतंत्र में चुनाव ही अंतिम निर्णय करते हैं.

इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस प्रकार से देश में अराजकता का माहौल बनाने की चेष्टा की है, उसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है. दिल्ली सहित देशभर के व्यापारियों में राहुल गांधी और कांग्रेस को लेकर बहुत रोष और आक्रोश है. पिछले दिनों राहुल गांधी और कांग्रेस के अनेक प्रकार के आंदोलनों, धरनों और प्रदर्शनों से दिल्ली के व्यापार को इस फेस्टिवल सीजन में 550 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान उठाना पड़ा, जबकि सरकारों को लगभग 700 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ.

उन्होंने कहा कि दिल्ली के व्यापारी बहुत जल्दी इस विषय पर दीपावली के बाद बैठक करने वाले हैं और तय करेंगे कि अब उन पार्टियों या उन लोगों को, जिन्होंने दिल्ली के व्यापार को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, क्या सबक सिखाया जाए.

प्रदीप खंडेलवाल ने कहा कि इसी बीच, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू से आग्रह किया है कि अब किसी भी प्रकार के प्रदर्शन और धरने के लिए दिल्ली के बाहरी इलाकों में निर्धारित स्थान तुरंत बनाए जाएं, ताकि न व्यापार प्रभावित हो और न ही दिल्ली का सामान्य जनजीवन.

पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के काफिर वाले बयान पर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के बारे में लोग जानते हैं कि जब वह बंगाल में शासन में रहीं, तो उन्होंने केवल एक वर्ग विशेष का ध्यान रखा. वही काम अखिलेश यादव भी कर रहे हैं और वही काम राहुल गांधी भी कर रहे हैं.

इंडिया ब्लॉक की रैली में सोनिया गांधी को बोलने का मौका नहीं मिला, जबकि सभी नेताओं ने अपना भाषण दिया. इस पर भाजपा सांसद ने कहा कि इससे यह पता चलता है कि कांग्रेस की स्थिति क्या है. कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है और कांग्रेस में जितने भी हमारे मित्र हैं, वे अपने आपको असहाय महसूस करते हैं, लेकिन उनकी विडंबना यह है कि चरणवंदना और चापलूसी उनके डीएनए में आ गई हैं. फिर चाहे वह इमरान मसूद हों, सलमान खुर्शीद हों, जयराम रमेश हों या कोई अन्य नेता. यही कारण है कि कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है. आने वाले समय में कांग्रेस का नामोनिशान हिंदुस्तान की धरती से मिट जाएगा, ऐसी बात कही जा रही है.

–

केके/एएस