
बीकानेर, 14 जून . राजस्थान के बीकानेर दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर विकास, सुशासन और जनकल्याण योजनाओं का जिक्र किया. उन्होंने विपक्ष की आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि देश में सड़कों, रेलवे स्टेशनों और बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव साफ दिखाई देते हैं. सरकार स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी लगातार काम कर रही है.
पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विकास, सुशासन और जनकल्याण को 12 साल हो चुके हैं. पूरे देश में इसको लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. मैं भी भुवनेश्वर में इस कार्यक्रम को लेकर गया था. बीकानेर में भी कई कार्यक्रमों में शामिल होना है.
राजस्थान के कई जगहों पर प्रसूता महिलाओं को आ रही समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि मैं जिला प्रशासन और अस्पताल के संपर्क में हूं. बीमार महिलाओं में से तीन की स्थिति ठीक है, जबकि दो की स्थिति चिंताजनक है. इसके लिए मैंने एम्स के डॉक्टरों से बातचीत की है. प्रशासन इसके लिए काम कर रहा है.
विपक्ष द्वारा सरकार की आलोचनाओं पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष में है. वह अपना काम कर रही है. हम अस्पतालों की स्थिति को सुधारने और महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर काम कर रहे हैं.
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश में जो सड़कें बनी हैं, क्या वे उन्हें नहीं दिखतीं? वे भी तो उन सड़कों पर चलते होंगे. रेलवे स्टेशनों में सुधार किया जा रहा है. कांग्रेस के लोगों को सिर्फ देश के रेलवे स्टेशन देखने चाहिए. उनकी सरकार के समय स्टेशन की हालत कैसी थी और आज के समय में कैसे उन्हें बदला जा रहा है. अंतर समझ में आ जाएगा.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि हर योजना ठीक तरीके से काम कर रही है. सभी योजनाओं को जमीन पर देखा जा सकता है और विपक्ष भी इसे देखता है.
प्रधानमंत्री के विदेश दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि हम तेजी से आगे बढ़ें, सुरक्षा तंत्र को विकसित करें, उस दिशा में जो भी जरूरी है, वह किया जा रहा है. विदेशी दौरे भी कार्यप्रणाली का एक हिस्सा है. उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में भारत का मान बढ़ा है.
–
एएमटी/वीसी